चांडिल/चौका : चौका थाना पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने से पहले छह आरोपियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार कर अपराध की साजिश विफल कर दी. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में चौका थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई कई लूट और छिनतई की घटनाओं में उनकी संलिप्तता सामने आयी है. आरोपियों ने पूछताछ में बनसा की शराब दुकान में लूट के प्रयास, उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल और रुपये लूटने और घाटदुलमी के माउंट 10 व्यू होटल में मोबाइल छीनने की घटनाओं में अपनी भूमिका स्वीकार की है. सोमवार को चौका थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरायकेला-खरसावां एसपी मनोज स्वर्गियारी ने पूरी कार्रवाई का खुलासा किया.
गुप्त सूचना पर स्कूल में छापेमारी, घेराबंदी कर छह गिरफ्तार
एसपी ने बताया - 6 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली थी कि मतकमडीह के चुटीयाखाल टोला स्थित बंद पड़े नव प्राथमिक विद्यालय, बरियाबेड़ा में कुछ संदिग्ध अपराधी जुटे हुए हैं. सूचना थी कि सभी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना पर पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया और बताए गए स्थान पर छापेमारी की. पुलिस को देखते ही वहां मौजूद आरोपियों में हड़कंप मच गया. पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर छह आरोपियों को मौके से दबोच लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में ये हैं शामिल
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में मोनसा सिंह मुंडा, बुरुहातु दलभंगा चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा, मेरोमजानगा, कुचाई सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, बनसा-बारसीड़ा, चौका देबेन मुंडा, बारसीड़ा, चौका सोमा मुंडा उर्फ करपा, बारसीड़ा, चौका रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा, मुटूदा, चौका
तीन पिस्टल समेत हथियारों का जखीरा बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, केएफ लिखा एक जिंदा कारतूस, चाकू, दाउली, हथौड़ी, लोहे का चाकू, काला-नीला बैग, लूटा हुआ मोबाइल और तीन बाइक बरामद की हैं. बरामद हथियारों और अन्य सामान के आधार पर पुलिस को आशंका है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात की तैयारी में थे.
पूछताछ में खुलीं पुरानी वारदातों की परतें
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ की तो चौका थाना क्षेत्र में हुई कई घटनाओं के तार सामने आये. पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 19 अगस्त को बनसा स्थित शराब दुकान में लूट के प्रयास में शामिल होने की बात स्वीकार की है. साथ ही उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल और रुपये लूटने तथा 3 सितंबर को घाटदुलमी स्थित माउंट 10 व्यू होटल में मोबाइल छीनने की घटना में भी अपनी संलिप्तता बतायी है. पूछताछ के आधार पर पुलिस ने इन घटनाओं से जुड़े तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं.
पुलिस खंगाल रही गिरोह का पूरा नेटवर्क
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क कितना बड़ा है और इनके साथ कितने लोग जुड़े हुए हैं. क्षेत्र में पूर्व में हुई लूट, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं में भी इनकी भूमिका की जांच की जा रही है. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के संपर्क में रहने वाले अन्य संदिग्धों की जानकारी भी जुटा रही है.
कई आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया - गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस के अनुसार, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा के खिलाफ यूएपीए समेत गंभीर धाराओं में भी मामला दर्ज रहा है. साथ ही मोनसा सिंह मुंडा के खिलाफ कुचाई और चौका थाना में कई मामले दर्ज हैं. वहीं, चम्बुराम मुंडा, सोमा मुंडा, देबेन मुंडा और अन्य आरोपियों के खिलाफ भी अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. पुलिस इन सभी के पुराने रिकॉर्ड को खंगाल रही है और यह भी पता लगाने में जुटी है कि कहीं ये आरोपी किसी बड़े संगठित आपराधिक नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं हैं.
छापेमारी टीम में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
पूरी कार्रवाई में चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा, प्रकाश कुमार, अंजेश राय, जगजीवन उरांव, तिलेश्वर उरांव, अमरेश प्रसाद, मारकंडे कुमार समेत पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे. पुलिस की इस कार्रवाई से चौका क्षेत्र में संभावित बड़ी आपराधिक वारदात को समय रहते टालने में सफलता मिली है.
