खरसावां : सीपीएफ बाना और एनएसएस जमशेदपुर ने जीता चैंपियन का खिताब...

खूंटपानी के बड़ा चीरू में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता में सीपीएफ बाना और एनएसएस जमशेदपुर ने शानदार जीत दर्ज की. विधायक दशरथ गागराई ने विजेताओं को सम्मानित किया.

खरसावां. खूंटपानी प्रखंड के बड़ा चीरू स्थित एबीसी स्टेडियम में आकाशवाणी क्लब की ओर से आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य समापन हो गया है. इस रोमांचक टूर्नामेंट में पुरुष वर्ग में सीपीएफ बाना और महिला वर्ग में एनएसएस जमशेदपुर की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियन का खिताब अपने नाम किया.

समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खरसावां विधायक दशरथ गागराई और समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया. प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच व्यक्तिगत और टीम पुरस्कार के रूप में कुल तीन लाख रुपये के नकद पुरस्कार बांटे गए.

सीपीएफ बाना ने पुरुष वर्ग में मारी बाजी

मंच पर उपस्थित विधायक दशरथ गागराई, बसंती गागराई समेत अन्य अतिथि

पुरुष वर्ग के बेहद रोमांचक फाइनल मुकाबले में सीपीएफ बाना ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा जमाया. विजेता टीम को एक लाख रुपये नकद और ट्रॉफी दी गई, जबकि उपविजेता टीम को 80 हजार रुपये का पुरस्कार मिला. इसके अलावा, रोहन एफसी तीसरे स्थान पर रही जिसे 40 हजार रुपये मिले. सरायकेला एफसी, बर्गर किंग और ब्लैक शैडो क्रमशः चौथे, पांचवें और छठे स्थान पर रहे, जिन्हें 15-15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया.

महिला वर्ग में एनएसएस जमशेदपुर चैंपियन

प्रतियोगिता का फाइनल मैच देखने पहुंचे खेल प्रेमी

महिला वर्ग के मुकाबलों में एनएसएस जमशेदपुर ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब हासिल किया. विजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद एवं ट्रॉफी से सम्मानित किया गया. वहीं, चाईबासा एफसी उपविजेता रही जिसे सात हजार रुपये मिले. टाटा स्टील फाउंडेशन और आदिवासी फुटबॉल क्लब क्रमशः तीसरे और चौथे स्थान पर रहे, जिन्हें चार-चार हजार रुपये का पुरस्कार दिया गया.

खेल जीवन की चुनौतियों से लड़ना सिखाता है: विधायक

विजेता और उपविजेता टीमों के साथ विधायक दशरथ गागराई

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसी प्रतियोगिताओं के आयोजन से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतरीन मंच मिलता है.

उन्होंने कहा कि खेल केवल हार-जीत का मुकाबला नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ जीने की कला सिखाता है. खेल युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है. इस दौरान समाजसेवी बासंती गागराई ने महिला खिलाड़ियों के प्रदर्शन की विशेष सराहना की. कार्यक्रम में दुर्गा चरण पाडेया, बबलू गोडसोरा, डिंबू तियू समेत आयोजन समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी ग्रामीण मौजूद रहे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By शचिंद्र कुमार दाश

शचिंद्र कुमार दाश प्रभात खबर के वरीय संवाददाता हैं और हिंदी पत्रकारिता में 25 वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं। वे झारखंड और ओडिशा की राजनीति, प्रशासन, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकार, कानून-व्यवस्था तथा जनहित से जुड़े मुद्दों की रिपोर्टिंग करते हैं। इसके साथ ही कला, भाषा, संस्कृति, आध्यात्म और समसामयिक विषयों पर लेखन में उनकी विशेष रुचि है। नई जानकारियां जुटाना और उन्हें प्रमाणिक तथ्यों के साथ पाठकों तक पहुंचाना उनकी कार्यशैली की प्रमुख विशेषता है। उनकी रिपोर्टिंग राजनीति, सामाजिक मुद्दों, शिक्षा, खेल, पर्यावरण, साहित्य, संस्कृति से जुड़े विषयों को समेटती है। शचिंद्र कुमार दाश ग्राउंड रिपोर्टिंग पर विशेष जोर देते हैं। वे घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों के आधार पर समाचार प्रस्तुत करने तथा आम लोगों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करते हैं।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >