खरसावां में विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खरसावां में परिवार स्वास्थ्य मेला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद प्रतिनिधि छोट राय किस्कु ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त समाज के निर्माण के लिए जनसंख्या स्थिरीकरण के साथ परिवार स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है. उन्होंने लोगों से परिवार नियोजन के प्रति जागरूक होने तथा सरकार द्वारा संचालित स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की.
परिवार नियोजन अपनाने की अपील
कार्यक्रम में चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विरांगना सिंकू ने कहा कि परिवार नियोजन अपनाने से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर होता है और परिवार का सामाजिक एवं आर्थिक विकास भी सुनिश्चित होता है. उन्होंने दंपतियों से परिवार नियोजन के सुरक्षित एवं आधुनिक साधनों का उपयोग करने का आह्वान किया.
स्वस्थ और संतुलित परिवार पर दिया जोर
चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कन्हैया लाल उरांव ने भी उपस्थित लोगों को जनसंख्या नियंत्रण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा संतुलित परिवार के महत्व की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जागरूकता के माध्यम से ही स्वस्थ एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है. कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, परिवार नियोजन सेवाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई. इस अवसर पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक, एएनएम, सहिया एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
इसे भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें: राम मंदिर मामले में मंत्री इरफान अंसारी का बीजेपी पर हमला, बोले- कथित घोटाले की हो जांच
