राजनगर: झारखंड ग्रामीण बैंक राजनगर शाखा की ओर से गुरुवार को वित्तीय साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन आरसीएम स्कूल राजनगर में किया गया. कार्यक्रम के दौरान बैंक की ओर से विद्यालय के 220 विद्यार्थियों के बीच कॉपी, पेन सहित अन्य पाठ्य सामग्री का वितरण किया गया. वहीं विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को डायरी एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक सुमन लाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने और नियमित बचत की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया. उन्होंने कहा कि वित्तीय साक्षरता आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है.
बैंक केवल लेन-देन का माध्यम नहीं, बल्कि शिक्षा, स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तीकरण का भी मजबूत आधार है. उन्होंने अभिभावकों ,विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एजुकेशन लोन, बचत खाता, डिजिटल बैंकिंग तथा बैंक की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए इनके लाभों से अवगत कराया.
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से जागरूक नागरिक ही देश के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं. इसलिए बच्चों में बचपन से ही बचत, बैंकिंग और वित्तीय अनुशासन की समझ विकसित करना आवश्यक है.
मौके पर मुख्य रूप से गुरुचरण महतो, राहुल कुमार महतो सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.
