चांडिल से हिमांशु गोप की रिपोर्ट
Seraikela Kharsawan News: सरायकेला-खरसावां जिला के चांडिल प्रखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध जयदा मंदिर के पास सोमवार देर शाम सुवर्णरेखा नदी में नहाने के दौरान एक युवक के डूब जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है. डूबे युवक की पहचान जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचवटी नगर, सिद्धू-कान्हू बस्ती, जोन नंबर-2 निवासी प्रेम कुमार उर्फ बल्लू (23) के रूप में हुई है. घटना के बाद से ही युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है.
बाइक पर जयदा आए थे दोनों दोस्त
जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार अपने दोस्त आशुदेव कुमार के साथ सोमवार को बाइक से चांडिल क्षेत्र घूमने के लिए निकला था. बताया जाता है कि रास्ते में दोनों दोस्तों ने पार्टी भी किया था. इसके बाद शाम को वे जयदा मंदिर के पास पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी बाइक खड़ी कर दी और मंदिर परिसर के नीचे स्थित सुवर्णरेखा नदी घाट की ओर चले गए. घाट पर बने सीढ़ी के पास दोनों ने अपने कपड़े उतारे और फिर प्रेम कुमार उर्फ बल्लू नदी के पानी में उतर गया. उसी समय उसका दोस्त आशुदेव कुमार किनारे पर खड़े होकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था. शुरुआती समय में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन कुछ ही देर बाद प्रेम कुमार गहरे पानी की ओर चला गया.
चीखता रहा दोस्त, नहीं मिली मदद
प्रेम कुमार को डूबता देख उसका दोस्त जोर-जोर से चिल्लाने लगा और बचाने की कोशिश की. लेकिन देर शाम का समय होने और आसपास लोगों की मौजूदगी नहीं होने के कारण कोई मदद नहीं मिल सकी. देखते ही देखते युवक गहरे पानी में समा गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. कुछ देर बाद स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई.
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस और चौका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. इधर घटना की जानकारी जैसे ही मृतक के परिजनों को मिली, वे आनन-फानन में मौके पर पहुंचे. बेटे के नदी में डूब जाने की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे क्षेत्र में शोक और मातम का माहौल फैल गया है.
ये भी पढ़ें: गढ़वा में सरस्वतिया नदी पुनर्जीवन मुहिम को मिला नया बल, मेदिनीनगर से बढ़े सहयोग के हाथ
ये भी पढ़ें: ई-वेस्ट पर झारखंड हाइकोर्ट सख्त: राज्य सरकार से मांगा जवाब, 2 जुलाई को अगली सुनवाई
