चांडिल: किसानों एवं पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना (एमपीवीवाई) के तहत शुक्रवार को नीमडीह प्रखंड में 11 लाभुकों के बीच बकरी पालन इकाई एवं पांच लाभुकों के बीच सूकर पालन इकाई का वितरण किया गया. इस दौरान बताया गया कि केंद्र एवं राज्य सरकार किसानों और पशुपालकों के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं.
मुख्यमंत्री पशुपालन विकास योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर उनकी आय में स्थायी वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है. लाभुकों से वितरित पशुधन की वैज्ञानिक तरीके से देखभाल करने तथा बेहतर पालन-पोषण कर योजना का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की गई. वहीं पशुपालन विभाग के अधिकारियों को लाभुकों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया.
