Seraikela Kharsawan News :चौका-चाईबासा तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत अविलंब कराएं : डीसी

डीसी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक, चिह्नित ब्लैक स्पॉट में लगाएं साइनेज बोर्ड

सरायकेला. समाहरणालय में डीसी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक बुधवार को आयोजित हुई. बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो ने बताया कि मई 2025 में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कुल 27 सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं. इनमें 20 लोगों की मौत व 8 लोग घायल हुए. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि जिले में अब तक 18 ब्लैक स्पॉट चिह्नित किये गये हैं, जहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती हैं. बैठक में उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण पाने के लिए लोगों में जागरुकता बढ़ाना आवश्यक है. इसके लिए जिले भर में यातायात नियमों के पालन के लिए विशेष जन-जागरुकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गये. मुख्य सड़कों और बाजारों में अवैध वाहन पार्किंग और सड़क किनारे अतिक्रमण कर ठेले-दुकान लगाने की प्रवृत्ति पर रोक लगाई जाए व ऐसे मामलों में कारवाई कि जाए.

चिन्हित 18 ब्लैक स्पॉट पर लगाएं साइन बोर्ड

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी चिन्हित 18 ब्लैक स्पॉट पर बड़े और स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएं. इससे वाहन चालकों को सतर्कता की जानकारी मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि इन स्थलों पर ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती हो और पुलिस गश्ती दल का नियमित भ्रमण सुनिश्चित किया जाए. इससे यातायात व्यवस्था सुदृढ़ हो सकेगा. बैठक में एनएच-33 व एनएच32 पर हो रही दुर्घटना को लेकर चर्चा हुई. उन्होंने अधिकारियों को इन समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित व ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिये.

क्षतिग्रस्त चौका-चाईबासा सड़क का अविलंब मरम्मत करें

बैठक में चौका-चाईबासा मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त होने की बात हुई, जिसपर डीसी ने सड़क को शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने यह भी कहा कि गम्हरिया से आदित्यपुर (स्वर्णरेखा पुल तक) के मार्ग में लगे स्ट्रीट लाइटों की स्थिति को देखते हुए सभी सुचारू रूप से कार्य करें यह सुनिश्चित करें. बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लूणायत,अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार,अपर नगर आयुक्त (आदित्यपुर) रवि प्रकाश,जिला परिवहन पदाधिकारी गिरजा शंकर महतो,चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार,पुलिस उपाधीक्षक प्रदीप उरांव सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ATUL PATHAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >