हेवेन गांव के जामडीह टोला में घटी घटना
नीमडीह : नीमडीह थाना अंतर्गत हेवेन गांव जामडीह टोला में शुक्रवार की रात को मंगल माझी ने कुल्हाड़ी से मारकर अघोरी माझी (52 वर्ष) की हत्या कर दी.
घटना की जानकारी मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमल कुमार, नीमडीह के एएसआइ अरविंद कुमार शर्मा एवं अनिल यादव पुलिस दल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे. नीमडीह थाना में मृतक के पुत्र गांधी माझी के बयान पर मंगल माझी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है. गांधी माझी ने बताया कि बरामदा में उसके पिता सोये हुए थे.
आधी रात में आवाज सुनने पर जब घर से बाहर निकल कर देखा तो उसके पिता खून से लथपथ पड़े हुए थे और मंगल माझी वहां से बाहर निकल रहा था. मंगल माझी ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो तुमको भी जान से मार देंगे. मृतक के पुत्र गांधी माझी ने बताया कि सात-आठ महीने पहले उसके पिता के साथ मंगल माझी की बकझक हुई थी. हत्या का आरोपी मंगल माझी ने बताया कि अघोरी माझी हमेशा उसकी मां व पत्नी को डायन कहता था. मां व पत्नी पर निराधार आरोप लगाने के कारण उसने तनाव में आकर अघोरी माझी की हत्या कर दी.
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी मंगल माझी को गिरफ्तार कर लिया है एवं हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली. एसडीपीओ विमल कुमार ने बताया कि इस प्रकार के संगीन अपराध करनेवाले के ऊपर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस ने शव को अंत्यपरीक्षण के लिए एमजीएम अस्पताल जमशेदपुर भेज दिया है.
