सरायकेला/खरसावां : कुचाई के रूगुडीह गांव से अड़की के डोंबारी के लिए गुरुवार की शाम को धूमधाम से बारात निकली थी, लेकिन रात 11 बजे जैसे ही वाहन सोनाघाटी पहुंचा, अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया. बारी सरदार (60) की मौके पर ही मौत हो गयी. वे सरायकेला के रांगाडीह के रहने वाले थे. इस हादसे में 11 बाराती घायल हो गये. 3 की स्थिति गंभीर है, जिनका सरायकेला सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना की सूचना पर पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को सीएचसी कुचाई में भर्ती कराया.
बाद में गंभीर रूप से घायलों को सरायकेला सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. इसमें शकुंतला मुंडा (30), शत्रुघ्न मुंडा (35) व शालू कुमारी मुंडा (20) शामिल हैं. सभी रामडीह के रहने वाले हैं. सोनामनी सरदार, शिवम सरदार व मुनू सरदार को हल्की चोट लगी है. इन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया. पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है.
ये हुए घायल:-
मुगली सरदार (40) सुराबेड़ा, लखन मुंडा (40) रूगुडीह, फुलचांद महतो (30)रामडीह, टुनू सरदार (45)रूगुडीह, शकुंतला मुंडा (30)रामडीह, शत्रुघ्न मुंडा (35)रामडीह, शालू कुमारी मुंडा (20)रामडीह, सोनामनी सरदार (40)रामडीह, शिवम सरदार (40)रांगाडीह, मुनू सरदार (07) गुडगुदिरी शामिल हैं.
तीन आगे निकल गए, सबसे पीछे चल रहा वाहन पलटा
घायल यात्री लखन मुंडा ने बताया कि जैसे ही वाहन घाटी में पहुंचा, अचानक अनियंत्रित हो कर पलट गया. अंधेरा होने के कारण लोगों को अधिक चोट लगी. एक साथ चार वाहन जा रहे थे. घाटी में तीन वाहन आगे निकल गये, लेकिन सबसे पीछे चल रहा वाहन पलट गया.
