शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार पर पड़ा असर
सड़कें रहीं सुनसान, शुक्रवार को हल्की हवा के साथ दिन भर हुई बारिश
सरायकेला : चक्रवाती तूफान फनी का असर सरायकेला-खरसावां, राजनगर, सीनी, कोलाबिरा सहिता आसपास क्षेत्र में शुक्रवार को हल्का दिखा. शुक्रवार की सुबह से आकाश में बादल छाये रहे. वहीं हल्की हवा के साथ बारिश दिन भर होती रही. तूफान के डर से लोग अपने घरों में दुबके रहे. सरायकेला साप्ताहिक हाट में भीड़ नहीं रही. सड़कें सुनसान रहीं.
प्रशासन सतर्क, नियंत्रण कक्ष बना
फनी तूफान को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है. तूफान से निपटने को देखते हुए ब्लॉक स्तर पर नियंत्रण कक्ष बनाया गया है. कहीं से नुकसान की सूचना तुरंत सहायता मिलेगी. पंचायतों में आपदा राहत की व्यवस्था है. नदी तट पर रहने वाले लोगों को सतर्क रहने को कहा गया है.
खरकई नदी पर विशेष नजर रखी जा रही है. अधिक बारिश हुई तो खरकई का जल स्तर बढ़ सकता है. इसके लिए एनडीआरएफ टीम को 24 घंटे तैयार रहने का निर्देश दिया गया है.
राजनगर चक्रवात का कोई असर नहीं
राजनगर प्रखंड में फनी के कारण हल्की बारिश हुई. सुबह लगभग आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक हल्की बारिश हुई. ढाई बजे से पुनः चार बजे तक हल्की बारिश हुई. बिजली विभाग ने बीती रात से बिजली काट दी थी, शाम तक विजली नहीं आयी थी.
