राजमहल: थाना क्षेत्र के नयाबाजार वार्ड नंबर 9 में गुरुवार को खेत में घास काटने के दौरान जहरीले सांप के डंसने से 50 वर्षीय छक्को देवी की तबीयत बिगड़ गई। सांप के डंसने के बाद महिला मूर्छित हो गईं। परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार शुरू किया गया।
खेत में घास काट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, छक्को देवी घर के बाहर स्थित खेत में घास काट रही थीं। इसी दौरान घास के बीच छिपे जहरीले सांप ने उनके पैर में डंस लिया। कुछ देर बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह मूर्छित हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों की देखरेख में इलाज जारी
घटना की सूचना मिलने पर नयाबाजार वार्ड नंबर 9 के वार्ड पार्षद अमीर मंडल एवं सिंटू घोष भी अस्पताल पहुंचे। दोनों ने महिला के परिजनों से घटना की जानकारी ली और छक्को देवी का हालचाल जाना। साथ ही चिकित्सकों से उनके इलाज एवं स्वास्थ्य की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
