Sahibganj: जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के कबूतरखोपी इलाके में अवैध गांजा बिक्री के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को गिरफ्तार किया है. मामले की जानकारी नव पदस्थापित एसडीपीओ सुशील कुमार ने जिरवाबाड़ी थाना परिसर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी. एसडीपीओ सुशील कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कबूतरखोपी स्थित एक महिला अपने घर में अवैध रूप से गांजा बेचने का कार्य कर रही है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. गठित टीम ने दंडाधिकारी की उपस्थिति में महिला के घर पर छापेमारी की.
महिला पर मामला दर्ज
छापेमारी के दौरान पुलिस ने प्लास्टिक के डब्बों एवं पुड़ियों में रखे कुल 3 किलो 441 ग्राम गांजा बरामद किया. पुलिस के अनुसार एक प्लास्टिक डब्बे से 1755 ग्राम गांजा और दूसरे डब्बे एवं 17 पुड़ियों से 1686 ग्राम गांजा बरामद हुआ. मामले में पुलिस ने पूनम देवी (25 वर्ष), पति भोला मंडल, निवासी कबूतरखोपी, थाना जिरवाबाड़ी, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में जिरवाबाड़ी थाना कांड संख्या 90/26 के तहत धारा 20(b)/(ii)/(c) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि क्षेत्र में अवैध तरीके से नशीला पदार्थ बेचने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस लगातार ऐसे कारोबारियों के खिलाफ अभियान चला रही है और आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी.
छापेमारी दल में शामिल पदाधिकारी एवं जवान
छापेमारी दल में दंडाधिकारी बासुकीनाथ दुबे, जिरवाबाड़ी थाना के पुअनि शशि सिंह, पुअनि पंकज वर्मा, सअनि संजय कुमार, सअनि शैलेन्द्र दुबे, महिला चौकीदार सुमिरता हेंब्रम, महिला चौकीदार सोनोति मरांडी, हवलदार जदु सिंह और थाना रिजर्व गार्ड के आरक्षक मुकेश कुमार शामिल थे.
ये भी पढ़ें…
सूरज की तपिश बढ़ी, दोपहर में सड़कों पर छाया रहता है सन्नाटा
साहिबगंज: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आदेश का असर, पुलिस ने सार्वजनिक जगहों पर लगाया प्याऊ केंद्र
