बरहरवा से विकास जायसवाल की रिपोर्ट
West Bengal Election: पश्चिम बंगाल में 24 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण को लेकर झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. साहिबगंज जिले के बरहरवा और कोटालपोखर थाना क्षेत्र के फरक्का विधानसभा से सटे क्षेत्रों में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को रोकने के लिए चौकसी बढ़ा दी गई है.
सीमावर्ती इलाकों में पुलिस बल की तैनाती
चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सीमावर्ती क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है. मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी लगातार गश्त कर रहे हैं. साथ ही आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच की जा रही है, ताकि किसी भी तरह के अवैध सामान या संदिग्ध व्यक्ति की आवाजाही को रोका जा सके.
एसपी के निर्देश पर चला सघन चेकिंग अभियान
साहिबगंज एसपी अमित कुमार सिंह के निर्देश पर पूरे क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान के तहत प्रमुख चेक पोस्टों पर निगरानी बढ़ा दी गई है. अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और हर संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाए.
अधिकारियों ने किया चेक पोस्ट का निरीक्षण
बरहरवा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल, इंस्पेक्टर संतोष कुमार राणा, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह और कोटालपोखर थाना प्रभारी चंदन कुमार भैया समेत अन्य पुलिस अधिकारी चेक पोस्टों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं. उन्होंने बरहरवा थाना क्षेत्र के लाधोपाड़ा, बरारी और कोटालपोखर थाना क्षेत्र के जीवनपुर व रहिमटाड़ चेक पोस्ट का जायजा लिया और वहां तैनात कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया गया है. हर आने-जाने वाले व्यक्ति और वाहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है. पुलिस प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी या बाहरी हस्तक्षेप न हो.
इसे भी पढ़ें: चंद्रपुरा थर्मल प्लांट में मजदूरों की भूख हड़ताल शुरू, लंबा चलेगा आंदोलन
शांतिपूर्ण चुनाव के लिए प्रशासन सतर्क
प्रशासन का कहना है कि चुनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराना उनकी प्राथमिकता है. इसके लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं. अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार बाइक चोर गिरफ्तार
