अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद साहिबगंज नगर इकाई के तत्वावधान में शनिवार को साहिबगंज महाविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, भर्ती प्रक्रिया में अनियमितताओं तथा युवाओं के भविष्य के साथ हो रहे खिलवाड़ के विरोध में विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया. प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया और सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की. प्रदर्शनकारियों ने पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने, दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने तथा निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करने की मांग उठाई. कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने की, जबकि प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह मुख्य रूप से उपस्थित रहे. प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों का आक्रोश स्पष्ट रूप से देखने को मिला.
परीक्षा अनियमितताओं से छात्रों का टूटा भरोसा
छात्रों ने कहा कि वर्षों की मेहनत के बाद भी यदि परीक्षाएं पेपर लीक और अनियमितताओं की भेंट चढ़ जाएं तो यह लाखों युवाओं के साथ अन्याय है. नगर मंत्री चंदन कुमार गुप्ता ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी जैसी महत्वपूर्ण परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने छात्रों का विश्वास तोड़ा है. सरकार को तुरंत पूरे मामले की सीबीआई जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा देनी चाहिए. विद्यार्थी परिषद छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होने देगी और अंतिम छात्र तक न्याय की लड़ाई लड़ती रहेगी. प्रदेश सोशल मीडिया संयोजक इंद्रजीत साह ने कहा कि झारखंड के लाखों युवा दिन-रात मेहनत कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और उम्मीदों को तोड़ देती हैं.
पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग
अभाविप की स्पष्ट मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष सीबीआई जांच कराई जाए, दोषियों को कठोरतम सजा मिले तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पारदर्शी और जवाबदेह परीक्षा व्यवस्था लागू की जाए. उन्होंने कहा कि यदि सरकार छात्रों की जायज मांगों की अनदेखी करती है तो विद्यार्थी परिषद पूरे राज्य में आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप देने के लिए बाध्य होगी. कार्यक्रम में प्रदेश छात्रा प्रमुख सुश्री निधि सिंह, जिला कार्यालय मंत्री अंकुश मंडल, नगर सह मंत्री राजा वर्मा, रितेश कुमार, छोटू कुमार, ऋतुराज, शिवनाथ, नीरज, समीर, अविनाश सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं परिषद कार्यकर्ता उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि जेपीएससी, जेएसएससी पेपर लीक का मुद्दा केवल एक परीक्षा का नहीं, बल्कि झारखंड के लाखों युवाओं के भविष्य, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था और शिक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता का प्रश्न है. विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी कि यदि सरकार शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं करती है तो राज्यभर में चरणबद्ध आंदोलन चलाया जाएगा.
