न्यायालय के निर्देश पर बरहरवा पुलिस की कार्रवाई, बाबूपुर गांव में पहुंची टीम
बरहरवा : लंबे समय से फरार चल रहे साइबर क्राइम के प्राथमिकी अभियुक्त हरि महतो के घर बरहरवा थाना पुलिस ने गुरुवार को न्यायालय से जारी इश्तेहार चिपकाया. न्यायालय के निर्देश के बाद बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने टीम गठित की. एएसआई राजनाथ साव के नेतृत्व में पुलिस टीम तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के बाबूपुर गांव पहुंची और फरार अभियुक्त के घर पर इश्तेहार चिपकाया.
जुलाई 2024 में दर्ज हुआ था मामला
बरहरवा थाना में जुलाई 2024 में साइबर क्राइम से संबंधित मामला दर्ज किया गया था. मामले में बाबूपुर निवासी हरि महतो लंबे समय से फरार चल रहा है. पुलिस की ओर से अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने के लिए कई स्तरों पर कार्रवाई की गयी, लेकिन उसके फरार रहने के कारण गुरुवार को उसके घर पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गयी.
तीनपहाड़ पुलिस का भी मिला सहयोग
बरहरवा थाना पुलिस ने तीनपहाड़ थाना पुलिस के सहयोग से अभियुक्त के घर पहुंचकर आसपास के लोगों की मौजूदगी में इश्तेहार चिपकाया. मौके पर तीनपहाड़ थाना प्रभारी गौरव भगत, बरहरवा थाना के एएसआई राजनाथ साव, प्रदीप यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे.
आगे की कार्रवाई जारी
बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि मामले को लेकर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है.
