राजमहल : गंगा के बढ़ते जलस्तर से राजमहल प्रखंड के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गयी है. मंगलवार को सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने गदाई दियारा सहित आसपास के प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं.
ग्रामीणों ने बतायी परेशानी
सांसद और विधायक प्रतिनिधि ने प्रभावित इलाकों में जलजमाव और आवागमन की स्थिति देखी. ग्रामीणों ने बाढ़ के कारण हो रही परेशानियों से उन्हें अवगत कराया. सांसद ने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
राहत-बचाव तेज करने की जरूरत
विजय कुमार हांसदा ने कहा कि बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्य तेज कर प्रभावित लोगों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाने की जरूरत है.
जलमग्न इलाकों से दूर रहने की अपील
मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने तथा जलमग्न क्षेत्रों और नदी किनारे जाने से बचने की अपील की. उन्होंने जरूरतमंद लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने का भरोसा दिलाया.
