साहिबगंज : मानदेय बढ़ोतरी, नियमित भुगतान और विभिन्न भत्तों की मांग को लेकर झारखंड राज्य आजीविका ऑल कैडर संघ के बैनर तले जेएसएलपीएस की दीदियों ने मंगलवार को सदर अनुमंडल कार्यालय स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय का घेराव किया. संकुल स्तरीय कैडर कर्मी, प्रखंड स्तरीय कैडर, एसएचजी व बीओ लेवल कैडर सहित विभिन्न कैडर की महिला कर्मी धरना पर बैठीं.
मानदेय कटौती बंद करने की मांग
प्रदर्शनकारियों ने मानदेय बढ़ाने, हर माह बैंक खाते में भुगतान करने, मानदेय में की जाने वाली कटौती बंद करने और यात्रा भत्ता सहित अन्य भत्ते देने की मांग रखी. बाद में जेएसएलपीएस के डीपीएम माटिन तारीक को ज्ञापन सौंपा गया. डीपीएम ने कहा कि मांगों को राज्य स्तर के अधिकारियों तक पहुंचाया जायेगा. उन्होंने कहा कि यह केवल जिले का नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश का मामला है. उन्होंने सभी सदस्यों से केवाईसी कराने की अपील की, ताकि योजना का लाभ मिल सके.
26 हजार तक मानदेय की मांग
कैडर कर्मियों ने प्रखंड स्तरीय कर्मियों का मानदेय 26 हजार, संकुल स्तरीय कर्मियों का 20,800, 15,600 और 10,400 रुपये करने की मांग की. इसके अलावा कम्युनिकेशन के लिए प्रतिमाह 3 से 4 हजार रुपये, एफटीए में शामिल कर एचआर पॉलिसी की सुविधा, भविष्य निधि, बैंक खाते में मानदेय भुगतान और हर वर्ष 10 से 15 फीसदी मानदेय बढ़ोतरी की मांग रखी गयी.
भर्ती में 60 फीसदी आरक्षण की मांग
प्रदर्शनकारियों ने जेएसएलपीएस की सभी भर्तियों में 60 फीसदी आरक्षण, बीमा सुरक्षा और मोबाइल रिचार्ज के लिए 350 रुपये प्रतिमाह देने की भी मांग की. बैंक सखी ने प्रतिदिन 500 रुपये मानदेय, मोबाइल खर्च 350 रुपये, लोन रिकवरी 20 रुपये, इनहेंसमेंट लिंकेज 100 रुपये, पहला लिंकेज 200 रुपये, बैंक खाते में भुगतान, बीमा और तय समय पर मानदेय समेत पद के अनुसार बढ़ोतरी की मांग रखी.
डीसी से मंत्री तक सौंपा ज्ञापन
मांगों को लेकर डीसी, डीडीसी, विधायक, सांसद, मंत्री सहित अन्य को भी ज्ञापन सौंपा गया. मौके पर बबली कुमारी, शीला हेंब्रम, मीरा देवी, रवि बड़ा, रजनी देवी, गंगा मुनि कुमारी, रानी हांसदा, मंजू देवी, रीना देवी, सरिता कुमारी, प्रीति कुमारी, मेसी मालतो, मो. नासिर आलम सहित सैकड़ों सदस्य मौजूद थे.
