मंडरो। प्रखंड क्षेत्र की बड़तल्ला पंचायत स्थित नायटोला गांव में आदिवासी की जमीन पर बने घरों को अतिक्रमण मुक्त कराने पहुंची प्रशासन की टीम को ग्रामीणों के विरोध के कारण बिना कार्रवाई के लौटना पड़ा. कार्रवाई मंडरो सीओ संजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में की जा रही थी.
जानकारी के अनुसार, बड़तल्ला निवासी जंजी मुर्मू ने सीओ को आवेदन देकर अपनी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की थी. मंगलवार को जैसे ही सीओ का काफिला गांव पहुंचा, बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और घर खाली नहीं कराने की अपील की.
ग्रामीणों ने बताया कि वे पिछले 20 से 30 वर्षों से यहां घर बनाकर रह रहे हैं. जमीन के बदले उन्होंने जमीनदाता को रकम दी है, जिसके एवज में उन्हें जमीन से संबंधित दस्तावेज भी दिए गए हैं. ग्रामीणों का कहना है कि उक्त जमीन पर सरकारी योजनाओं का लाभ भी मिला है तथा राशन कार्ड, आधार कार्ड और वोटर कार्ड समेत अन्य दस्तावेज भी इसी पते पर बने हैं.
ग्रामीणों ने कहा कि अगर उन्हें घर से हटाया गया तो उनके सामने रहने की गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी और पूरा परिवार सड़क पर रहने को मजबूर हो जाएगा.
कार्रवाई के दौरान जमीनदाता की पुत्री भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के पक्ष में सीओ से घर नहीं खाली कराने की अपील की. इस दौरान उनकी जंजी मुर्मू से तीखी बहस भी हुई. दोनों पक्षों की बात सुनने के बाद सीओ तत्काल कार्रवाई किए बिना अपने दल के साथ वापस लौट गए.
