बीडीओ के आश्वासन के बाद माने छात्र, समाप्त की भूख हड़ताल
बरहेट : थाना क्षेत्र अंतर्गत भोगनाडीह स्थित सिदो-कान्हू एकलव्य आवासीय मॉडल उच्च विद्यालय के छात्रों ने विद्यालय के विभिन्न समस्याओं को सलटाने की मांग को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल की. जिसके बाद बरहेट बीडीओ राजीव कुमार ने छात्रों को समझा-बुझाकर कर भूख हड़ताल समाप्त करवाया. सोमवार को सिदो-कान्हू एकलव्य आवासीय उच्च विद्यालय के लगभग 200 से अधिक छात्र प्रखंड कार्यालय पहुंच कर भूख हड़ताल पर बैठ गये.
छात्रों ने विद्यालय में अविलंब विद्युत वायरिंग, शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, कंप्यूटर की उपलब्धता, मेनू के अनुसार पौष्टिक भोजन, खेल सामग्री एवं विद्यालय में शिक्षकों के पदस्थापन आदि की मांग कर रहे थे. छात्रों को अपनी मांगों पर अड़े देख बीडीओ राजीव कुमार ने आइटीडीए डायरेक्टर बबलू मुर्मू एवं साहिबगंज उपायुक्त शैलेश कुमार चौरसिया से बात कर छात्रों को बताया कि उनकी समस्या का समुचित समाधान शीघ्र किया जायेगा.
समस्याओं से अवगत होने तथा उसके समाधान के लिये बुधवार को जिला के अधिकारियों का एकलव्य विद्यालय पहुंचने की बात बीडीओ के द्वारा बताये जाने के बाद छात्रों ने भूख हड़ताल समाप्त की. वहीं भूख हड़ताल कर रहे छात्रों से जिप सदस्य लीली हांसदा ने उसकी समस्याओं से अवगत हुई. मौके पर छात्र रोहित हेंब्रम, बड़का हेंब्रम, निकोलस, रंजीत पूरी, सुरेश पहाड़िया, अनिल मरांडी, विजय मुर्मू, शिवराम सोरेन सहित अन्य छात्र मौजूद थे.
