साहेबगंज से सुनील ठाकुर की रिपोर्ट
Sahibganj News: झारखंड के साहेबगंज जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. बरहरवा-साहेबगंज रेलखंड के महाराजपुर क्षेत्र में गुरुवार की रात एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गयी. इस घटना के बाद इलाके में शोक और सनसनी का माहौल बन गया.
रेलवे ट्रैक के पास खड़ा था विष्णु नोनिया
मृतक की पहचान महाराजपुर निवासी अनिल नोनिया के पुत्र विष्णु नोनिया के रूप में की गयी है. बताया जा रहा है कि वह स्थानीय निवासी था और किसी कारणवश देर रात रेलवे ट्रैक के पास मौजूद था, जहां यह हादसा हो गया.
हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस से हुआ हादसा
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, विष्णु नोनिया की मौत हावड़ा-जमालपुर एक्सप्रेस ट्रेन से कटकर हुई. घटना देर रात की बतायी जा रही है, हालांकि सुबह लोगों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद इसकी सूचना तत्काल रेल पुलिस को दी गयी.
मौके पर पहुंची रेल पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही रेल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है. साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इस घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया. पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरा परिवार सदमे में है.
इसे भी पढ़ें: पलामू में झोलाछाप डॉक्टर पर बड़ी कार्रवाई, सीआईडी की रिपोर्ट में अवैध क्लिनिक सील
जांच के बाद साफ होगा कारण
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हादसा था या इसके पीछे कोई अन्य कारण है. पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
इसे भी पढ़ें: बाबा मंदिर में गश खाकर गिर गए केरल के श्रद्धालु, अस्पताल में मौत
