गैस सिलिंडर के लिए मची अफरातफरी, सुबह-सुबह सड़क जाम, कतार में ही चार लोग हुए बेहोश

जिरवाबाड़ी थाना से 100 मीटर की दूरी पर सुबह चार बजे से ही सिलेंडर के साथ लग गयी थी लाइन

साहिबगंज. शहर के जिरवाबाड़ी थाना से 100 मीटर की दूरी पर पुलिस लाइन स्थित शिव मंदिर के पास गुरुवार की अहले सुबह 4 बजे से ही गैस सिलेंडर के साथ लोगों की लंबी लाइन लग गयी थी. 5-6 घंटे इंतजार के बाद भी गाड़ी नहीं पहुंची, तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. अफरातफरी और भगदड़ मच गयी. इसी दौरान 3-4 लोग बेहोश भी हो गए. गैस के लिए आक्रोशित लोगों ने पुलिस लाइन मंदिर के सामने सुबह 9 बजे सड़क को जाम कर दिया और नारेबाजी की. इस जाम में झारखंड के युवराज नितिन सोरेन भी फंस गए, जो यहां बास्केटबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने आए थे और सुबह बस से वापस लौट रहे थे. मौके पर जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह ने पहुंचकर लोगों को समझाकर शांत कराया और घर भेजा. 20 मिनट तक सड़क पूरी तरह जाम रही. सुबह 11 बजे तक लोग लाइन से वापस लौट गये. तेज धूप और भीषण गर्मी के बावजूद सैकड़ों लोग घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर हैं. लोगों का कहना है कि कई दिनों से गैस नहीं मिलने के कारण घरों में खाना बनाना मुश्किल हो गया है. महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे भी लाइन में लगे नजर आए, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ गयी. एसडीओ ने की जांच : रसोई गैस सिलेंडर के लिए मची अफरातफरी के बीच एसडीओ अमर जॉन आइंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नु मिश्रा, साहिबगंज सदर प्रखंड के अंचलाधिकारी बासुकीनाथ टुडू और जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल ने भी स्वस्तिक गैस एजेंसी के गोदाम में पहुंचकर गैस सिलेंडर को लेकर जांच पड़ताल की. हाहाकार के बीच लंबी कतार, जाम के बाद सख्त हुआ प्रशासन साहिबगंज. साहिबगंज में रसोई गैस को लेकर मचे हाहाकार के बाद आखिरकार प्रशासन हरकत में आया है. अब प्रशासन की निगरानी में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी शुरू कर दी गयी है. कई दिनों से लंबी कतार, भगदड़ और सड़क जाम जैसी स्थिति बनी हुई थी. दरअसल ईरान-इराक-अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के बाद देशभर में गैस संकट गहराया, जिसका असर साहिबगंज में भी देखने को मिला. यहां लोग सुबह 4 बजे से ही सिलेंडर के लिए लाइन में लग रहे थे. लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी गैस सिलेंडर नहीं मिल रही थी. साहिबगंज में कुल तीन गैस एजेंसियां हैं- एक एचपी और दो इंडेन के. सबसे ज्यादा परेशानी इंडेन गैस उपभोक्ताओं को झेलनी पड़ी. कंपनी के सॉफ्टवेयर में अपडेट और विभिन्न छुट्टियों के चलते करीब 3100 उपभोक्ताओं की वेटिंग लिस्ट बन गयी, जिससे हालात और बिगड़ गए. स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि गैस से लदी गाड़ियों को गोदाम तक पहुंचाना मुश्किल हो गया. असामाजिक तत्वों द्वारा जबरन सिलेंडर लेने की कोशिश और सड़कों पर लगी लंबी कतार ने हालात को और खराब कर दिया. उधर, स्वास्तिक गैस एजेंसी के संचालक विष्णु देव सिंह ने गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करने के लिए 28 मार्च को प्रशासन से मदद की गुहार लगायी. इसके बाद 1 अप्रैल को जिला आपूर्ति पदाधिकारी झुन्नू मिश्रा ने बैठक कर हर हाल में होम डिलीवरी शुरू कराने का निर्देश दिया. प्रशासन की निगरानी में गैस से लदी गाड़ियों को एसडीओ कार्यालय तक लाया गया, जहां से छोटे वाहनों में लोड कर होम डिलीवरी शुरू की गयी. डिलीवरी के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस बल भी तैनात किया गया. जिला आपूर्ति पदाधिकारी और एसडीओ की मानें तो जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती, तब तक प्रशासन की निगरानी में ही गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी करायी जाएगी. गैस संकट के बीच बड़ी राहत : प्रशासन की निगरानी में शुरू हुई होम डिलीवरी साहिबगंज. जाम की सूचना पर एसडीओ अमरजॉन आइन्द, डीएसओ झुन्नू मिश्रा, सदर सीओ बास्कीनाथ टुडू, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी शशि सिंह, सकरोगढ़ स्थित गैस गोदाम की जांच की, जहां खाली सिलेंडर मिला है. इधर, एसडीओ के कक्ष में तीनों एजेंसी के प्रतिनिधि के साथ बैठक की गयी. डीएसओ झुन्नू मिश्रा ने कहा कि स्वास्तिक गैस एजेंसी के पास 3100, समुद्रा गैस एजेंसी के पास 600, एचपी गैस के पास 500 उपभोक्ता का वेटिंग है. एसडीओ द्वारा दंडाधिकारी की नियुक्ति की गयी है. शुक्रवार से होम डिलीवरी करायेगी. एजेंसी के एरिया मैनेजर से बात हुई है. गुरुवार को एक गाड़ी गैस का आया है जिसे एसडीओ कक्ष के सामने वितरण किया गया है. तीन गाड़ी शुक्रवार को आयेगी, जिससे वितरण करने के बाद पैनिक नहीं होगा. सुबह से ही लग जाती है लाइन : रसोई गैस सिलेंडर के लिए वहां देर रात से ग्राहक कतार में लगाने को विवश हो रहे हैं. इसके बावजूद कई लोगों ने गैस सिलेंडर नहीं मिलने की शिकायत की है. शहर के तालबन्ना स्थित मां समुद्रा गैस एजेंसी के गोदाम में रात एक बजे से ग्राहकों की कतार लगनी शुरू हो गयी थी. कई ग्राहकों की शिकायत थी कि घंटों कतार में खड़े रहने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल सका क्योंकि गैस सिलेंडर मात्र एक ट्रक आया था.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Abdhesh singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
Tags
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >