कार्यक्रम . सरफराजगंज में अफसरों ने फिर पिलाया आश्वासन का घूंट
उत्तरी सरफराजगंज पंचायत में जनसुनवाई का आयोजन हुआ. जिसमें ग्रामीणों ने अपने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया.
उधवा : प्रखंड क्षेत्र के उत्तरी सरफराजगंज पंचायत के पंचायत भवन परिसर के निकट बुधवार को मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2015-16 एवं बाल विकास परियोजना के सामाजिक अंकेक्षण के तहत जन सुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसकी अध्यक्षता प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी मो शाहजहां ने की. कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी अविनाश पूर्णेंदु, बीपीओ अभिषेक आनंद, पंचायत की मुखिया रेणु देवी उपस्थित थे. कार्यक्रम के दौरान ग्राम अंकेक्षण
दल की टीम लीडर आरती वर्मा ने उपस्थित लोगों को मनरेगा योजना से संबंधित कई महत्वपूर्ण जानकारी दी. जैसे मजदूर अपना जॉब कार्ड अपने पास ही रखें, मनरेगा मजदूरों को मिलने वाले सरकारी लाभ से संबंधित जानकारी दी. मनरेगा एक्ट के तहत मजदूरों को मजदूरी भुगतान किये जाने संबंधित कई बिंदुओं पर जानकारी दी. उन्होंने कहा कि एवं 400 नये जॉब कार्ड बनाने हेतु आवेदन फॉर्म जमा लिया गया. ग्राम अंकेक्षण दल के सदस्यों ने गांवों का भ्रमण कर मजदूरों एवं ग्रामीणों से बातचीत की. साथ ही अंकेक्षण दल द्वारा गांव-गांव जाकर तैयार किये गये रिपोर्ट को सामने रखा. इस दौरान कई बड़ी गड़बड़ी सामने आयी. कई मजदूरों का जॉब कार्ड अनाधिकृत रूप से अन्य व्यक्तियों के पास रखा गया है. जिसे लेकर उक्त मजदूर द्वारा ग्राम सभा में लिखित शिकायत की गयी. जिसे जन सुनवाई में प्रेषित किया गया. पंचायत में मनरेगा अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2015-16 में कुल 84 मजदूरों के नाम की फर्जी निकासी की गयी. जिसे लेकर मजदूरों द्वारा ग्रामसभा में शिकायत की गयी. जन सुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने प्रखंड स्तर पर जांच कर राशि वापसी करने का मांग किया. जिस पर बीडीओ ने कहा कि यदि सत्यता पाई जाती है तो निश्चित रूप से दोषी के विरुद्ध विधि संगत कार्रवाई की जायेगी.
खर्च हो गये लाखों, योजनाओं का अता-पता नहीं
ऐसे दो योजना मिले जिसका ग्राम अंकेक्षण को कोई अता-पता भी नहीं है. ग्रामीणों को दोनों योजनाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं है. आरइओ सड़क से काली स्थान होते हुए सैफुद्दीन शेख के घर तक मिट्टी मोरम सड़क निर्माण कार्य जिसमें सामग्री के नाम पर 42,795 रु0, मजदूरी के नाम पर 20,9912 रुपये की निकासी की गयी है. जिस पर ग्रामसभा ने संपुष्टि करते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है. वहीं बाढ़ नियंत्रण कक्ष फुदकीपुर के भवन निर्माण कार्य में सामग्री के नाम पर 1,88,455 रुपये खर्च किये गये हैं. ग्रामसभा में ग्रामीणों ने इसकी संपुष्टि की है कि ऐसा कोई भवन का निर्माण नहीं हुआ है. ग्रामीणों ने दोनों योजनाओं में उच्चस्तरीय जांच करते हुए राशि वापसी की मांग की है. बैठक की अध्यक्षता कर रहे प्रभारी कृषि पदाधिकारी ने ग्रामीणों द्वारा दिये गये आवेदन पर जांच करने एवं विधि संगत कार्रवाई करने की बात कही है.
ये थे मौजूद
मौके पर ग्राम अंकेक्षण दल के गौतम कुमार वर्मा, रोहित कुमार महतो, मुकेंद्र कुमार यादव, सिंधु देवी, रानी कुमारी, पंचायत सेवक भागेश्वर प्रमाणिक, सूर्यनारायण चौधरी, विश्वजीत मंडल, हीरामन पासवान, मदन मंडल, जयंत मंडल, विक्रम मंडल, श्याम सुंदर सहित अन्य उपस्थित थे.
