पीएम का आगमन. मंत्रियों व अधिकारियों के साथ साहेबगंज पहुंचे सीएम, बाेले
साहिबगंज : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा है कि साहेबगंज में बनने वाला गंगा पुल देश के पूर्वोत्तर राज्यों के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा. पुल के जरिये झारखंड समेत पूरे मध्य भारत का सीधा संपर्क पूर्वोत्तर राज्यों से लेकर म्यांमार तक हो जायेगा. मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहेबगंज दौरे के पूर्व तैयारियों की समीक्षा कर रहे थे. समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छह अप्रैल को गंगापुल और बंदरगाह निर्माण की आधारशिला रखने साहेबगंज पहुंचेंगे. संताल परगना क्षेत्र के मंत्री, मुख्य सचिव और डीजीपी समेत अन्य वरीय अधिकारियों के साथ साहेबगंज पहुंचे श्री दास ने कहा कि गंगा पुल के निर्माण की मांग स्थानीय लोग लंबे समय से कर रहे थे. प्रधानमंत्री ने पुल निर्माण का तोहफा देकर क्षेत्र के लोगों का सपना साकार किया है. उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य जनता का विकास है.
प्रधानमंत्री का यह दौरा विकास के प्रति सरकार प्रतिबद्धता दोहराता है. मौके पर मुख्य सचिव राजबाला वर्मा ने प्रधानमंत्री के आगमन से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी.
पीएम आगमन के बिंदुवार हुई समीक्षा: मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के आगमन से प्रस्थान तक के दौरान सभी कार्यक्रमों की बिंदुवार समीक्षा की. साहेबगंज के उपायुक्त और एसपी को अपने कार्यों की चेक स्लिप बना प्रगति की बिंदुवार समीक्षा के निर्देश दिये. अगले दो-तीन दिनों में तैयारी पुख्ता करने के लिए कहा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सहूलियत का ध्यान रखने, पेयजल पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने, कार्यक्रम स्थल पर बड़ी-बड़ी एलइडी लगाने, साहेबगंज व आने वाले प्रमुख राज्य मार्गों पर मार्ग सूचक एवं महत्वपूर्ण सूचनाओं से संबंधित साइनेज लगाने के निर्देश दिये. उन्होंने पुलिस, प्रशासन की व्यवस्था चौबंद रखने के लिए कहा. मौके पर मंत्री डॉ लुईस मरांडी, रणधीर सिंह, राज पालिवार, विधायक अनंत ओझा, ताला मरांडी, डीजीपी डीके पांडेय, अपर मुख्य सचिव अमित खरे, आरके श्रीवास्तव, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजय कुमार, गृह सचिव एसकेजी रहाटे, पथ निर्माण सचिव एमआर मीणा, एडीजी अनुराग गुप्ता, संताल परगना के आयुक्त दिनेश चंद्र मिश्र, डीआईजी अखिलेश कुमार झा समेत विभिन्न विभागों के प्रमंडल व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे.
मुख्यमंत्री के साथ मंत्री राज पलिवार, मंत्री डॉ लुईस मरांडी, मंत्री रणधीर सिंह, विधायक अनंत ओझा व ताला मरांडी भी थे
पहाड़िया युवतियों को सौपेंगे नियुक्ति-पत्र
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री उस दिन महिला पहाड़िया बटालियन को नियुक्ति पत्र सौंपेंगे. आदिम जनजातीय पहाड़िया समुदाय के विकास के लिए दो पहाड़िया बटालियन का गठन किया गया है. कैशलेस अभियान के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों (सखी मंडल) की एक लाख महिलाओं को नि:शुल्क स्मार्ट फोन देने की घोषणा भी की.
