गंगा पुल निर्माण संघर्ष कमेटी के केंद्रीय अध्यक्ष ने कहा
साहिबगंज गंगा पुल से रेल पुल काटने का किया विरोध
कहा: 12 बार तय की गयी टेंडर निकालने की तिथि
साहिबगंज : गंगा पुल निर्माण संघर्ष कमेटी की बैठक सोमवार को मनिहारी निवासी गोपाल पांडेय की अध्यक्षता में हुई. कमेटी के केंद्रीय अध्यक्ष अरविंद प्रसाद गुप्ता ने कहा कि केद्र सरकार द्वारा साहिबगंज मनिहारी गंगा पुल का टेंडर खोलने में टाल-मटोल की नीति अपनायी जा रही हे. उन्होंने कहा कि साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का टेंडर खोलने की तिथि बार-बार बढ़ाने के बाद भी नहीं खुला. श्री गुप्ता ने बताया कि साहिबगंज-मनिहारी गंगा पुल का टेंडर 2 दिसंबर 2015 को भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण नई दिल्ली द्वारा निकाला गया था और टेंडर खोलने की तिथि 16 जनवरी 2016 निर्धारित की गयी थी.
परंतु तब से अब तक टेंडर खोलने की तिथि बारह बार बढ़ाई जा चुकी है. टेंडर खोलने की तिथि 26 सितंबर निर्धारित की गयी थी. परंतु आज फिर टेंडर नहीं खुला. सरकार न तो गंगा पुल का शिलान्यास ही कर रही है और न ही इसमें रेलवे लाइन जोड़ने हेतु कोई ठोस पहल ही कर रही है. ऐसा प्रतीत होता है कि गंगा पुल निर्माण को ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है. केंद्र सरकार ने इस वर्ष जहां गंगा नदी पर आधे दर्जन नये पुल यथा कहलगांव, भागलपुर, सुलतानगंज, मोकामा और पटना में दो सिक्स लेन गंगा पुल की स्वीकृति दी है. वहीं साहिबगंज से मनिहारी गंगा पुल में से रेल पुल काट लिया गया है.
गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने इसमें रेल पुल कटवा कर अपने पैतृक निवास स्थान बिहार के कहलगांव में लेकर चले गये. पर स्थानीय विधायक एवं सांसद ने कुछ भी नहीं कहा. बैठक में निर्णय लिया गया कि केंद्र सरकार द्वारा गंगा पुल का टेंडर खोलने में टाल मटोल की नीति अपनाने एवं इसमें रेलवे लाइन नहीं जोड़ने के विरोध में तथा रेल सह सड़क पुल के शीघ्र शिलान्यास करने की मांग पर आंदोलन को तेज किया जायेगा. मौके पर महासचिव मुरारी केशरी,
मनिहारी के डॉ भोला प्रसाद गुप्ता, प्रमोद कुमार झा, अंगद ठाकुर, गुलाब चौधरी, दीपक देव, गणेश पंडित, हारूण रसीद, अमरदीप पासवान, फुलमनी हेंब्रम, जयप्रकाश यादव, अनिल स्वर्णकार, शेख कलीमुदीन, कुंदन कुमार ठाकुर, चंदन कुमार ठाकुर, अर्जुन ठाकुर, मो कलाम, राजू चौरसिया, रंजीत कुमार ठाकुर, राकेश कुमार, मो सफीक, नंदन कुमार ठाकुर, मो यासीन, राजचौरसिया, रिंकु ठाकुर, धर्मराज पासवान सहित मनिहारी के दर्जनों सदस्य उपस्थित थे.
