Ranchi Accident News: ओरमांझी. कुच्चू पथ स्थित बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप मंगलवार शाम करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार हाइवा (बीआर 02 क्यू 7536) की चपेट में आने से डहु निवासी एजाज अंसारी के पुत्र दिलसाद अंसारी (16) की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा का पीछा कर ब्लॉक चौक के पास उसे रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी.
टक्कर मारने के बाद भागने लगा चालक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक दिलसाद अंसारी एसएस प्लस टू उच्च विद्यालय, ओरमांझी में नौवीं कक्षा का छात्र था. ग्रामीणों का आरोप है कि हाइवा चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था. सड़क किनारे खड़े दिलसाद को टक्कर मारने के बाद चालक वाहन लेकर भागने लगा. इस दौरान सिलदीरी गांव के पास एक बिजली के खंभे को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. हादसे के विरोध में घटनास्थल बरवे रेस्क्यू सेंटर के समीप ग्रामीण शव के साथ प्रदर्शन कर रहे हैं. दूसरी ओर ओरमांझी ब्लॉक चौक से कुच्चू जानेवाली सड़क को भी लोगों ने जाम कर दिया. वे मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे थे. घटनास्थल पर मौजूद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोज कुमार ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. लेकिन प्रदर्शन कर रहे ग्रामीण देर रात तक अपनी मांगों को लेकर सड़क पर डटे हुए थे.
ये भी पढ़ें: जज उत्तम आनंद हत्याकांड में दोषियों को राहत नहीं, झारखंड हाईकोर्ट ने उम्रकैद की सजा बरकरार रखी
ये भी पढ़ें: चचेरे भाई के साथ भागने की कोशिश में पकड़ी गई विवाहिता, चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
