झारखंड: दिशोम गुरु शिबू सोरेन के 80वें जन्मदिन पर जश्न का माहौल, ढोल-नगाड़ों के साथ पहुंचे झामुमो कार्यकर्ता

झारखंड के पूर्व सीएम व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के आवास पर जन्मदिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. ढोल-नगाड़े के साथ बड़ी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता पहुंचे. दिशोम गुरु शिबू सोरेन के आवास पर जश्न का माहौल है.

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन का आज गुरुवार को 80वां जन्मदिन है. रांची के मोरहाबादी स्थित शिबू सोरेन के आवास पर जन्मदिवस को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है. ढोल-नगाड़े के साथ बड़ी संख्या में झामुमो नेता व कार्यकर्ता पहुंचे. झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन के आवास पर जश्न का माहौल है.

1973 में किया था झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन

झारखंड के पूर्व सीएम व दिशोम गुरु शिबू सोरेन का आज जन्मदिन (11 जनवरी) है. वे 80 साल के हो गए. 11 जनवरी 1944 रामगढ़ जिले के नेमरा में शिबू सोरेन का जन्म हुआ था. सीएम हेमंत सोरेन के पिता और गुरुजी के नाम से लोकप्रिय शिबू सोरेन ने राजनीतिक करियर की शुरूआत अपने पिता की हत्या के बाद की. उन्होंने लकड़ी बेचकर अपने परिवार को पाला और महाजनी प्रथा के खिलाफ आंदोलन किया था. शिबू सोरेन ने गोला से धनकटनी आंदोलन शुरू किया था. यह धीरे-धीरे बोकारो से होते हुए धनबाद के टुंडी तक जा पहुंचा था. 4 फरवरी 1973 को शिबू सोरेन ने बिनोद बिहारी महतो और एके राय के साथ मिलकर झारखंड मुक्ति मोर्चा का गठन किया था. 70 के दशक में टुंडी और पारसनाथ के पहाड़ी क्षेत्र में शिबू सोरेन की समानांतर सरकार चलती थी. निर्मल महतो के रूप में गुरुजी को बड़ा आंदोलनकारी मिला, जो बाद में झारखंड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष बने थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Guru Swarup Mishra

मैं गुरुस्वरूप मिश्रा. फिलवक्त डिजिटल मीडिया में कार्यरत. वर्ष 2008 से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पत्रकारिता की शुरुआत. आकाशवाणी रांची में आकस्मिक समाचार वाचक रहा. प्रिंट मीडिया (हिन्दुस्तान और पंचायतनामा) में फील्ड रिपोर्टिंग की. दैनिक भास्कर के लिए फ्रीलांसिंग. पत्रकारिता में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव. रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एमए. 2020 और 2022 में लाडली मीडिया अवार्ड.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >