रांची से राजेश कुमार की रिपोर्ट
Ranchi Theft News: रांची का सबसे पॉश और सुरक्षित रिहायशी इलाका माने जानेवाले अशोक नगर में मंत्री, आइएएस, आइपीएस, बड़े-बड़े कारोबारी सहित कई लोग रहते हैं. इसके बावजूद यहां चोरी की वारदात हो रही हैं. चाेर बड़ी घटनाओं को अंजाम देने के बाद आसानी से निकल जा रहे हैं. शुक्रवार को ‘प्रभात खबर’ की टीम ने अशोक नगर के सोसाइटी परिसर का मुआयना किया, तो सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां नजर आयीं. सोसाइटी के चारों ओर छोटे-बड़े कुल 14 गेट हैं. गेट नंबर-1, 2, 4, 6 सहित डिबडीह गेट, नाला गेट, रेलवे लाइन गेट सहित अन्य जगहों पर सुरक्षा गार्ड रहते हैं. लेकिन, यह नाकाफी है. सोसाइटी में तीनों शिफ्टों में कुल 24 गार्ड की तैनाती हैं. जबकि, अधिकांश गेट बंद हैं. लेकिन, इन गेटों से कोई भी आसानी से सोसाइटी में घुस सकता है. कहीं चहारदीवारी छोटी है, तो कहीं पर ठीक तरीके से फेंसिंग नहीं है. ऐसे में कोई भी अपराधी आसानी से वारदात को अंजाम दे सकता है.
आंखों देखी
गेट नंबर-2 पर रात में नहीं रहते गार्ड
गेट नंबर-2 पर दिन में गार्ड तैनात रहते हैं, जबकि रात में कोई गार्ड नजर नहीं आता है. लोगों ने बताया कि रात होते ही अन्य गेट बंद कर दिए जाते हैं. जबकि, गेट नंबर-2 रात 11 बजे के बाद बंद किया जाता है. अगर सोसाइटी में रहनेवाला कोई रात 11:00 बजे के बाद आता है, तब ही इसे खोला जाता है. उधर, रेल लाइन (नया बस्ती) की ओर से आवाजाही होती रहती है. रात में गेट को भले ही बंद किया जाता है, लेकिन उसे फांद कर कोई भी घुस सकता है. साथ ही आगे बढ़ने पर कई जगहों पर फेंसिंग नहीं दिखायी देती है. इस ओर से कोई भी घुस सकता है. इसी तरह 504/सी के पास गेट में ताला लगा हुआ है. लेकिन, लोहे के गेट पर चढ़ कर लोग इस ओर से दूसरी ओर जा रहे हैं. खास बात यह है कि महिलाएं भी इस ओर से आना-जाना कर रही हैं.
रोड नंबर-1 के पास अड्डेबाजी
स्थानीय निवासियों का कहना है कि रात में रोड नंबर-1 के पास अड्डेबाजी होती है. रात में गाड़ी लगा कर लोग शराब भी पीते हैं. इस पर रोक नहीं लग रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सोसाइटी में कई गेट होने के कारण दिक्कतें आती हैं. जब तक सोसाइटी में एक गेट से प्रवेश और दूसरे गेट से निकासी की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक सुरक्षा में सेंध लगती रहेगी. साथ ही अन्य गेट के पास चहारदीवारी को ऊंचा करने के साथ फेंसिंग की जरूरत होगी. तभी सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता की जा सकती है.
जल्द लगेंगे 25 से 30 सोलर सीसीटीवी कैमरे
सर्विसेज हाउसिंग को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के चेयरमैन डॉ माधव शरण सिंह ने कहा कि सोसाइटी की सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए जल्द ही यहां 25-30 सोलर सीसीटीवी कैमरे लगाये जायेंगे. इसका कंट्रोल रूम सोसाइटी के कार्यालय में होगा, जहां से निगरानी की जायेगी. इसके लिए जगह चिन्हित किये जायेंगे. वहीं, दूसरे चरण में चहारदीवारी को ऊंचा कर एंगल लगाया जाएगा, ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति प्रवेश न कर सके.
ये भी पढ़ें: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
ये भी पढ़ें: ग्रेजुएट ट्रेंड टीचरों को मिलेगा समान वरीयता और अपग्रेड वेतन का लाभ, झारखंड हाईकोर्ट का आदेश
