रांची से प्रणव की रिपोर्ट
Ranchi Theft: झारखंड की राजधानी रांची के पॉश इलाके अशोक नगर में बंद बिल्डर अखिलेश पांडेय के घर को निशाना बनाकर चोरों ने लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया. बिल्डर के घर में लाखों की चोरी कैसे हुई? इस मामले में अखिलेश पांडेय के बेटे आशुतोष पांडेय ने अशोक नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज (एफआईआर) कराई है, जिसमें उन्होंने इसका खुलासा किया है. उन्होंने एफआईआर में खुलासा किया है कि चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और सोने-हीरे के आभूषणों के साथ करीब 8 लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
7 जुलाई को परिवार के साथ गए थे बाहर
थाने में दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता आशुतोष पांडेय अशोक नगर रोड नंबर-4बी स्थित अपने आवास में परिवार के साथ रहते हैं. उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 को पूरा परिवार निजी काम से घर बंद कर बाहर गया था. घर के सभी दरवाजों पर ताला लगाकर वे रवाना हुए थे. करीब दो दिन बाद 9 जुलाई 2026 की रात करीब 10 बजे जब वे वापस घर पहुंचे, तो मेन गेट और घर के ताले टूटे हुए मिले. घर के भीतर प्रवेश करने पर सभी कमरों का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के लॉकर खुले हुए थे.
अलमारी तोड़कर जेवर और नकदी की चोरी
शिकायतकर्ता आशुतोष पांडेय के अनुसार, चोरों ने घर की अलमारी का लॉकर तोड़कर उसमें रखे कीमती जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया. चोरी गए सामान में सोने का हार, सोने की चेन, सोने के कंगन, सोने का मंगलसूत्र, सोने की अंगूठियां, कान के जेवर तथा हीरे के आभूषण शामिल हैं. एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि चोर लगभग 8 लाख रुपये नकद भी अपने साथ ले गए. चोरी गए सामान की कुल कीमत लाखों रुपये बताई गई है.
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित की शिकायत पर अशोक नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. एफआईआर में बताया गया है कि घटना के समय घर पूरी तरह बंद था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: रांची: बिल्डर के यहां लाखों की चोरी करके दूसरे घर में घुसे, गार्ड की हवाई फायरिंग से भागे
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है. चोरी गए आभूषणों और नकदी का ब्योरा दर्ज कर लिया गया है तथा आसपास के इलाकों में सक्रिय अपराधियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय स्तर पर की जा रही पूछताछ के आधार पर आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सकेगा. फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि घटना से संबंधित कोई जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें.
इसे भी पढ़ी: जंगल में बैठकर फर्जी APK से करते थे ठगी, गिरिडीह पुलिस ने पांच साइबर अपराधियों को किया गिरफ्तार
