रांची: बिल्डर के यहां लाखों की चोरी करके दूसरे घर में घुसे, गार्ड की हवाई फायरिंग से भागे

रांची के अशोक नगर में बुधवार देर रात चोरों ने दो चर्चित बिल्डरों के घरों को निशाना बनाया. त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक के घर से लाखों की चोरी हुई, जबकि एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक के घर में गार्ड की हवाई फायरिंग के बाद चोर भाग निकला.

Ranchi Theft News: झारखंड की राजधानी रांची के सबसे रिहायशी इलाके अरगोड़ा थाना क्षेत्र के अशोक नगर (रोड नंबर-5 और 6) में बुधवार की देर रात चोरी की वारदात हुई. एक घंटे के अंदर अशोक नगर में दो चर्चित बिल्डरों के आवास पर चोरों ने धावा बोला. पहले घर से लाखों की चोरी के बाद चोर ने बगल में स्थित घर में भी घुसने की कोशिश की, लेकिन यहां गार्ड द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद चोर वहां से भाग गया.

पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार चोर सबसे पहले त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक और बिल्डर अखिलेश पांडेय की बहुमंजिली इमारत के पहले तल की खिड़की के छज्जे के सहारे चढ़ा. इसके बाद जेवरात और लॉकर वाले कमरे में रात 12:30 बजे के करीब पहुंचा. वहां उसने आराम से लाखों के जेवरात और नकदी को समेट लिये. फिर ड्रेनेज पाइप के सहारे वहां से उतर कर निकल गया. मामले में अखिलेश पांडेय के परिजन का कहना है कि घर से एक करोड़ से अधिक की चोरी हुई है. लगभग 500 ग्राम सोना के साथ ही चांदी व हीरा-पन्ना के जेवर चोर ले गये हैं. अभी इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है. अखिलेश पांडेय ने बताया कि अभी वह रांची से बाहर हैं. शुक्रवार को वह रांची आयेंगे, इसके बाद प्राथमिकी दर्ज कराएंगे.


हवाई फायरिंग के बाद भाग निकला चोर

जिस ढंग से चोर ने वारदात को अंजाम दिया, उससे लग रहा था कि उसे घर की पूरी जानकारी थी. जब चोर घर में घुसा उस समय बिल्डर के घर के आगे एक और पीछे एक सुरक्षाकर्मी तैनात थे. घर में परिवार के लोग सो रहे थे. लेकिन किसी को भनक तक नहीं लगी. हटिया डीएसपी अशोक कुमार ले कहा कि त्रिवेणी बिल्डर के यहां जिस वक्त चोरी हुई, उस समय घर के सारे लोग सोये हुए थे. वहां की सीसीटीवी जांच में एक ही नकाबपोश चोर दिख रहा है. जब बिल्डर के घर के लोग सुबह में जगे, तब उन्हें घर में चोरी की घटना का पता चला. पहली चोरी के बाद नकाबपोश चोर रात 1.30 बजे बगल में स्थित एनके कंस्ट्रक्शन के मालिक निशित केसरी के घर की पार्किंग में पहुंचा. इधर-उधर घूमते हुए घर में प्रवेश करने का रास्ता खोजता रहा. यह गतिविधि सीसीटीवी में कैद हो गयी. घर के पास लगे बांस बल्ली के सहारे चहारदीवारी के ऊपर पहुंचा. ऐन मौके पर जब निशित केसरी ने चोर की गतिविधि देखी, तो खुद के लाइसेंसी रिवाल्वर से हवाई फायरिंग की और सरकारी अंगरक्षक मुखदेव राम को अलर्ट किया. मुखदेव ने एके-47 लेकर चोर को ललकारा. इससे डर कर चोर चहारदीवारी से नीचे कूद गया. इसके बाद मुखदेव एक-47 लेकर निशित केसरी के घर के मुख्य गेट को खोलकर बाहर आया. फिर एके-47 से दाहिने हाथ से रात 2.22 बजे हवाई फायरिंग की. इस दौरान वह बायें हाथ में मोबाइल पर किसी से बातचीत भी कर रहा था (संभवत: निशित केसरी या पुलिस से). इस दौरान एके-47 से एक और गोली चल गयी. यह गोली मुखदेव के पैर के अंगूठे में लगी. अंगूठे को छेदते हुए गोली ने फर्श पर लगे टाइल्स को भी क्षतिग्रस्त कर दिया. अंगरक्षक की हवाई फायरिंग के बाद चोर अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से फरार हो गया. घायल मुखदेव को रिम्स में भर्ती कराया गया है. बिल्डर निशित केसरी ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया है कि बुधवार की रात्रि में लगभग 1:30 बजे कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके घर में जबरन प्रवेश करने के उद्देश्य से आये. घर के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसने का प्रयास किया. कई हवाई फायरिंग के बाद चोर फरार हो गया. घटना के दौरान उनके घर के मुख्य दरवाजे को क्षतिग्रस्त किया गया. उनके साथ-साथ उनके परिवार की जान-माल तथा संपत्ति को गंभीर खतरा उत्पन्न हुआ है. घटना की सूचना पर रांची के सिटी एसपी पारस राणा, कोतवाली एएसपी निखिल राय, हटिया डीएसपी अशोक कुमार सहित अरगोड़ा, जगन्नाथपुर और कोतवाली थाना प्रभारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच की.

ये भी पढ़ें: 'मंत्री महोदया, सिमडेगा के गांवों को टापू बनने से बचाएं', दीपिका पांडेय सिंह से मिले विधायक भूषण बाड़ा

दो घंटे तक ऐसे हुई घटनाएं

  • बुधवार की रात करीब 12:30 बजे नकाबपोश चोरों ने पहले त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन के मालिक अखिलेश पांडेय के घर से की लाखों की चोरी की
  • फिर रात 1:30 बजे से 2.15 बजे तक एनके कंस्ट्रक्शन के बिल्डर निशित केसरी के घर में चोरी का प्रयास करते रहे
  • बिल्डर निशित केसरी ने सीसीटीवी में चोर को देखकर पहले खुद के लाइसेंसी रिवाल्वर से फायरिंग की, फिर सरकारी सुरक्षाकर्मी मुखदेव को दी जानकारी
  • मुखदेव ने चोर को पकड़ने के लिए रात 2.20 बजे निशित के घर से निकल कर एके-47 से पहले दो राउंड हवाई फायरिंग की, जिससे चोर भाग गया
  • फायरिंग के दौरान अंगरक्षक मुखदेव मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था, इस दौरान एके-47 से चली गोली बॉडीगार्ड के पैर के अंगूठे में लगी.

डीजीपी के भी अशोक नगर स्थित घर में भी पहले हो चुकी है चोरी

मई 2025 में वर्तमान डीजीपी तदाशा मिश्र के अरगोड़ा स्थित अशोक नगर के मकान संख्या 457ए में घर का ताला तोड़ कर चोरी कर ली गई थी. इस मामले में पुलिसकर्मी प्रकाश आले के बयान पर अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज हुई थी. चोरों ने मकान में लगे सभी बिजली वायरिंग उपकरण, मेन स्विच, बिजली मीटर, पंखा, चार कुर्सी, बाथरूम में लगे सेनिटरी फिटिंग्स, बेसिन और मिरर नष्ट करने के साथ ही कुछ सामान की चोरी की थी. इसमें 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ था. उस वक्त पुलिस की ओर से नशेड़ियों पर वारदात को अंजाम देने का अंदेशा जताया गया था.

अखिलेश पांडेय के घर को वर्ष 2014 में भी बनाया था निशाना

इससे पहले अखिलेश पांडेय के यहां साल 2014 में भी चोरी हुई थी. उस समय पांडेय अशोकनगर में ही किराये के मकान में रहते थे. यह चोरी भी उस समय की बड़ी चोरी थी. लाखों रुपये व गहनों की चोरी हुई थी. परिवार वालों ने बताया कि पुलिस के प्रयास के बावजूद चोरी का कोई सामान बरामद नहीं हुआ था.

सुरक्षा पर सालाना 48 लाख खर्च, 20 से 25 गार्ड फिर भी घुस गए चोर

अशोकनगर कॉलोनी में दो महत्वपूर्ण लोगों के घरों में एक ही दिन हुई चोरी के बाद कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. सोसाइटी सालाना लगभग 48 लाख रुपये सुरक्षा व्यवस्था पर खर्च करती है. यहां 20 से अधिक सुरक्षाकर्मी लगाये गये हैं. ऐसे में चोर आसानी से कैसे आ गये और चोरी कर निकल गये यह बड़ा सवाल है.

ये भी पढ़ें: झारखंड: कुड़ू के आवासीय स्कूल में घुसा करैत सांप, रात को सो रही 4 छात्राओं को काटा, एक की मौत

ये भी पढ़ें: चक्रधरपुर में 8 साल से अधूरी है 7.33 किमी सड़क, आरईओ ऑफिस के बाहर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sweta Vaidya

श्वेता वैद्य प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के तौर पर काम करती हैं. उन्हें कंटेंट राइटिंग के क्षेत्र में एक साल से अधिक का अनुभव है. वर्तमान में श्वेता झारखंड बीट को कवर कर रही हैं, जहां वह राज्य की ताजा खबरें, लोगों की भलाई से जुड़े मुद्दे, सरकारी योजनाओं, स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक विषयों पर आधारित स्टोरीज तैयार करती हैं. श्वेता की हर बार कोशिश यही रहती है कि बात आसान, साफ और सीधे तरीके से लोगों तक पहुंचे, जिससे कि हर कोई उसे बिना दिक्कत के समझ सके. कंटेंट राइटर के तौर पर उनका फोकस होता है कि कंटेंट सिंपल, रिलेटेबल और यूजर-फ्रेंडली हो.

झारखंड बीट से पहले उन्होंने लाइफस्टाइल बीट के लिए भी कंटेंट लिखा. इस बीट में उन्होंने रेसिपी, फैशन, ब्यूटी टिप्स, होम डेकोर, किचन टिप्स, गार्डनिंग टिप्स और लेटेस्ट मेहंदी डिजाइन्स जैसे रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े विषयों पर आर्टिकल लिखे.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >