रांची : राजधानी रांची में अतिक्रमण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को रांची नगर निगम की टीम पथलकुदवा रोड (गुदड़ी चौक) पहुंची. नगर निगम की टीम के मौके पर पहुंचते ही स्थानीय पार्षद और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एकजुट हो गए और कार्रवाई का जोरदार विरोध शुरू कर दिया. विरोध-प्रदर्शन के कारण दोपहर तक नगर निगम की ओर से कोई भी तोड़फोड़ या अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं की जा सकी.
बिना वैकल्पिक व्यवस्था दुकानों को हटाने का विरोध
मौके पर मौजूद स्थानीय पार्षद और दुकानदारों का कहना था कि यहां लोग पिछले कई वर्षों से दुकानें लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं. ऐसे में बिना किसी वैकल्पिक जगह या दुकान का इंतजाम किए इन्हें हटाना सरासर गलत है. प्रदर्शनकारियों की स्पष्ट मांग थी कि जिनकी दुकानें टूटेंगी, उन्हें पहले पुनर्वासित किया जाए. विरोध के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल के जवान और निगम अधिकारी स्थानीय लोगों को समझाने का प्रयास करते दिखे.
ये भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट को मिले तीन नये जज, केंद्र सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन
19.3 डिसमिल जमीन पर बनना है सामुदायिक भवन और आरोग्य मंदिर
रांची नगर निगम के अनुसार, पथलकुदवा रोड स्थित करीब 19.3 डिसमिल सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बूचड़खाने का संचालन किया जा रहा है. निगम का उद्देश्य इस जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराकर आम जनता की सुविधा के लिए एक आधुनिक सामुदायिक भवन और 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' का निर्माण कराना है.
पुरुलिया रोड से बहूबाजार मार्ग पर लगा भीषण जाम
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान गुदड़ी चौक पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. इस वजह से पुरुलिया रोड से बहूबाजार की ओर जाने वाली मुख्य सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को रुक-रुककर लग रहे भीषण जाम का सामना करना पड़ा.
ये भी पढ़ें: पूर्व मंत्री विमला प्रधान के आवास पहुंचे CM हेमंत सोरेन, पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि
