बेड़ो. महावीर चौक बेड़ो में श्री राधे कृष्ण यूथ संगम द्वारा आयोजित छह दिवसीय गणपति बप्पा महोत्सव की तैयारी दिन-रात चल रही है. सोमवार को गणेश चतुर्थी पर पूजा को लेकर आयोजकों में खासा उत्साह है.
इस वर्ष पूजा पंडाल के मुख्य द्वार पर केरल के प्रसिद्ध शास्त्रीय नृत्य कथकली के विशाल मुखौटे और दोनों ओर राजसी अंदाज में हाथियों के मुखौटे बनाये जा रहे हैं. पंडाल का बाहरी ढांचा पारंपरिक कठपुतलियों, लोक कला और मुखौटों से तैयार किया जा रहा है. इसके माध्यम से भारतीय संस्कृति और कारीगरी की झलक दिखेगी.
पंडाल के भीतर छत पर रंग-बिरंगे पारंपरिक छत्र, बांस की टोकरियां और पारंपरिक आकृतियां लगायी जायेंगी. इसके साथ ही बारीक जालीदार लाइट से आकर्षक सजावट की जायेगी. सड़कों पर विद्युत तोरणद्वार और लाइट लगाने का काम भी जारी है.
