हत्या कर सपही नदी में दफनायी गयी काजल कुमारी के शव की गुत्थी को पिपरवार पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने खलारी थाना क्षेत्र के मनातू गांव के चार युवकों को सामूहिक दुष्कर्म व हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर चतरा जेल भेज दिया है. जेल भेजे गये युवकों में सूरज कुमार (19), पवन महतो (21), राहुल भुइयां (19) व रोहित कुमार (19) शामिल हैं. आरोपी युवकों की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयुक्त चाकू व खून लगी ईंट बरामद की है. पुलिस ने हीरो कंपनी की स्पलेंडर बाइक व चार मोबाइल फोन भी जब्त किये हैं. उक्त जानकारी टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बुधवार को प्रेस कान्फ्रेंस कर दी. कहा कि गत छह जून को सपही नदी के बालू में अज्ञात युवती का शव मिलने के बाद चतरा एसपी के निर्देश पर एफएसएल टीम की मदद ली गयी. टीम द्वारा उपलब्ध कराये गये सुराग के आधार पर छापामारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने अपने अनुसंधान के क्रम में युवती की पहचान रातू थाना क्षेत्र निवासी गुप्ता महली की बेटी काजल कुमारी के रूप में की थी. बताया कि गिरफ्तार युवकों में सूरज महतो का काजल के साथ काफी दिनों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था. काजल सूरज पर हमेशा शादी करने का दबाव बनाती थी. इसलिए सूरज ने काजल को रास्ते से हटाने के लिए एक जून को ठाकुरगांव में आयोजित मंडा मेला में मिलने के लिए बुलाया. इसके बाद वह काजल को लेकर पड़रिया जंगल पहुंच गया. जहां उसने पवन, राहुल व रोहित के साथ मिल कर काजल के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाये. विरोध करने पर उन्होंने चाकू व ईंट से उसकी हत्या कर शव को सपही नदी के बालू में गाड़ दिया. प्रभात रंजन ने कहा कि पुलिस बहुत जल्द चार्ज शीट दाखिल कर आरोपियों को सजा दिलाने की कोशिश करेगी. छापामारी दल में एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, थाना प्रभारी अभय कुमार, अभिमन्यु कुमार व थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
आरोपियों को फांसी देने की मांग :
काजल कुमारी की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना मिलने पर रातू सिमलिया से उसके परिवार के लोग पिपरवार थाना पहुंचे. मृतका की मां शांति देवी, पिता गुप्ता महली व बड़ी बहन पूजा कुमारी सहित सभी ने प्रभात खबर प्रतिनिधि को बताया कि पिता रिक्शाचालक हैं. गरीबी की वजह से काजल भी दूसरों के घरों में झाड़ू-पोछा का काम करती थी. सूरज महतो हमेशा फोन पर काजल को गंदी-गंदी गालियां दिया करता था. उन्होंने काजल के साथ जघन्य अपराध किया है. उन्होंने सरकार से सभी आरोपियों को फांसी की सजा दिलाने की मांग की.
प्रेमी सूरज महतो पर शादी का दबाव बना रही थी काजल
पड़रिया जंगल में तीन दोस्तों के साथ मिल कर रेप के बाद की हत्या
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.