रांची : जेपीएससी (JPSC) और जेएसएससी (JSSC) भर्ती परीक्षाओं में धांधली, OMR शीट में छेड़छाड़ और पेपर लीक के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में चल रहा छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन अब राष्ट्रीय स्तर पर ध्यान खींच रहा है. सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) ने भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो से फोन पर बातचीत की और उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई. सोनम वांगचुक ने उनसे पानी पी लेने की अपील की है. उन्होंने कहा कि ये लंबी लड़ाई है.
"लगातार हो रहा पेपर लीक"- देवेंद्र नाथ महतो
सोनम वांगचुक से बातचीत के दौरान छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपनी व्यथा और आंदोलन का पूरा हाल साझा किया. उन्होंने बताया कि वे सभी लोग 25 जुलाई से सत्याग्रह कर रहे हैं और 2 अगस्त से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठा है. लगातार अनशन की वजह से वह थक गए हैं और शरीर की स्थिति नाजुक हो चुकी है. उन्होंने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि झारखंड में पिछले कई सालों से लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अंधकार में है.
ये भी पढ़ें: असीम मंडल गिरोह को बड़ा झटका, तीन इनामी नक्सली पुलिस की गिरफ्त में
सोनम वांगचुक देवेंद्र नाथ महतो से बोले- ये आत्महत्या जैसा
देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि डॉक्टरों ने उन्हें चेतावनी दी है कि यदि उन्होंने पानी का सेवन शुरू नहीं किया, तो उन्हें कभी भी गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ सकता है. इस पर सोनम वांगचुक ने कहा कि यह आत्महत्या जैसा है, थोड़ा पानी पी लीजिए, सरकार तक आपकी बात पहुंचेगी. सोनम वांगचुक ने उन्हें अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने को कहा है. उन्होंने युवाओं का हौसला बढ़ाते हुए उनसे धर्य रखने को कहा. उनका कहना है कि इस तरह के आंदोलनों में समय लगता है. उन्हें पूरी उम्मीद है कि सरकार छात्रों की जायज बात को समझेगी और सही फैसला लेगी."
ये भी पढ़ें: JPSC Scam: भारी बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे सोया रहा रामगढ़ का ब्रह्मानंद, 5 और छात्र भूख हड़ताल पर
