JPSC Exam Irregularities : जेपीएससी की विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में कथित अनियमितता की जांच कर रही सीआइडी ने सोमवार को पांच जिलों के 18 स्थानों पर छापेमारी में मिले दस्तावेजों के आधार पर पूछताछ तेज कर दी है. सीआइडी ने कथित रूप से कोचिंग संचालक आदित्य पांडेय को धनबाद तथा हजारीबाग से लालू यादव और प्रदीप यादव को पूछताछ के लिए पकड़ा है. इसके अलावा टीडीपीएल के निदेशक रामवीर सिंह, मार्केटिंग मैनेजर अभय तिवारी और जेपीएससी के प्रोग्रामर उस्मान से भी पूछताछ की गयी. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सीआइडी की टीम छापेमारी के दौरान बरामद ब्लैंक चेक और अभ्यर्थियों के दस्तावेज के बारे में जानकारी ले रही है. पूछताछ में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ब्लैंक चेक किसके थे और इन्हें किन कारणों से लिया गया था. जांच टीम यह भी जानना चाहती है कि अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड, मार्कशीट, ओएमआर शीट की कार्बन कॉपी और अन्य दस्तावेज आरोपियों के ठिकानों पर क्यों रखे गये थे.
कोचिंग संस्थानों की भूमिका की जांच
सीआईडी कोचिंग संस्थानों में होनेवाली गतिविधियों और टीडीपीएल कंपनी से जुड़े लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है. अधिकारियों के स्तर पर यह जानकारी जुटायी जा रही है कि कोचिंग सेंटर में अभ्यर्थियों से किस तरह का काम कराया जाता था और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े लोगों के साथ उनका संपर्क कैसे था. जांच टीम यह भी पता कर रही है कि किन अभ्यर्थियों ने आरोपियों को चेक दिये थे.
नौकरी के बाद भुगतान की आशंका
पूछताछ में इस बिंदु पर भी फोकस है कि क्या कुछ अभ्यर्थियों से नौकरी मिलने के बाद पैसे या जमीन देने का वादा लिया गया था. बरामद कागजात और बैंक रिकॉर्ड के आधार पर लेन-देन की संभावित कड़ियों को जोड़ा जा रहा है. सीआइडी यह भी जांच रही है कि जमीन से जुड़े दस्तावेज किन अभ्यर्थियों के है और उनका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था. सूत्रों के अनुसार कई ब्लैक चेक सीआईडी को मिले हैं. इसकी जांच हो रही है. पर सीआइडी ने इस संबंध में किसी भी जानकारी की पुष्टि नहीं की है.
पूछताछ के बाद आगे बढ़ेगी जांच
सीआईडी अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के बाद जांच की दिशा और स्पष्ट होगी. बयानों का मिलान छापेमारी में बरामद चेक, बैंक दस्तावेज, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अभ्यर्थियों के कागजात से किया जायेगा. इसके आधार पर सीआईडी आगे की कार्रवाई और अन्य संदिग्धों की भूमिका तय करेगी. छापेमारी और पूछताछ को लेकर सीआईडी ने अब तक आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी जारी नहीं की है.
परीक्षा अनियमितता मामले में बड़ी कार्रवाई
झारखंड अपराध अनुसंधान विभाग सीआइडी ने झारखंड लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिता परीक्षाओं में अनियमितताओं से जुड़े एक मामले में तीन लोगों को मंगलवार को गिरफ्तार किया. इनका नाम उमेश कुमार, बुद्धेश्वर भगत और रमेश कुमार है. सीआइडी ने बताया कि यह कार्रवाई कांड संख्या 16-26 के तहत प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर की गयी है. जांच में डिजिटल साक्ष्य और अभिलेखीय साक्ष्य भी बरामद किये गये हैं.
इसे भी पढ़ें: साहिबगंज डिस्ट्रिक्ट जेल में 9 महीने 20 दिन रहा था गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, स्पेशल सेल में होती थी विशेष निगरानी
इसे भी पढ़ें: 50 लाख की ठगी मामले में कोडरमा पुलिस की कार्रवाई, फरार आरोपियों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
