Jharkhand Weather: झारखंड के रांची में देर शाम मौसम ने अचानक करवट ली. तेज हवा के साथ गर्जन और बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार 10 से 15 मई तक राज्य के सभी जिलों में मौसम में उतार-चढ़ाव रहेगा. दिन में तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी होगी, जबकि दोपहर बाद कई जिलों में आकाश में बादल छाए रहेंगे. गर्जन, वज्रपात, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना है. इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो आलर्ट जारी किया है.
आज का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 10 मई को झारखंड में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश आने की संभावना है. राज्य के कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.
कई जिलों में तेज हवा के साथ हुई बारिश
झारखंड की राजधानी रांची में शनिवार को दोपहर बाद आकाश में बादल छाए रहे, लेकिन शाम सात बजे के बाद तेज हवा और गर्जन के साथ बारिश हुई. रांची में लगभग चार मिमी बारिश दर्ज की गई. इससे वातावरण ठंडा हो गया. देर रात तक रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, पलामू और पूर्वी सिंहभूम समेत कई इलाकों में तेज हवा के साथ बारिश हुई.
तापमान में उतार-चढ़ाव
शनिवार को सबसे अधिक तापमान मेदिनीनगर में दर्ज किया गया. यहां का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि रांची का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. रांची के तापमान में पिछले 24 घंटे में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. वहीं बोकारो का अधिकतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रहा. यहां पिछले 24 घंटे में तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई.
यह भी पढ़ें: ममता की प्रतिमूर्ति बीजो देवी: गुमला में 52 अनाथ बच्चों के लिए बनीं ‘यशोदा मां’, माड़ पिलाकर पाला-पोसा
यह भी पढ़ें: गुमला में अपहरणकर्ताओं को चकमा दिया 5वीं का छात्र, मासूम ने अपराधियों के मंसूबों पर फेरा पानी
