झारखंड में डीजे बजेगा और हर हाल में बजेगा, विधानसभा में बोले इरफान अंसारी

Jharkhand DJ Ban Controversy: झारखंड में रामनवमी, सरहूल और ईद पर डीजे बजाने को लेकर सियासत तेज हो गई है. मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि डीजे हर हाल में बजेगा. वहीं भाजपा और अन्य नेताओं ने जुलूस पर रोक का विरोध किया, जबकि सरकार ने कोर्ट के आदेश पालन की बात कही है. इससे संबंधित पूरी खबर नीचे पढ़ें.

रांची से राजकुमार लाल की रिपोर्ट

Jharkhand DJ Ban Controversy: झारखंड के स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने बुधवार को विधानसभा के बाहर पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि झारखंड में रामनवमी, सरहूल और ईद पर डीजे बजेगा और हर साल में बजेगा. उन्होंने कहा कि हमने कभी डीजे पर रोक लगाने की बात नहीं कही थी, बल्कि उसके दुष्परिणामों से लोगों को अवगत कराने की बात कही थी. लेकिन मेरी बातों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया. उन्होंने कहा कि हमने सूबे के सभी सिविल सर्जनों को आदेश दिया है कि वे जुलूस के दौरान जुलूस के साथ-साथ चलें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई जा सके. हम किसी श्रद्धालु को किसी अनहोनी की चपेट आने नहीं देंगे.

सरकार को डीजे बजाने की देनी होगी अनुमति: निर्मल महतो

विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो ने कहा कि महूदी में सरकार को हर हाल में जुलूस निकालने की अनुमति देनी होगी. यदि नहीं देती है, तो हमलोग वहां जुलूस निकालेंगे. उन्होंने कहा कि रामनवमी का जुलूस ऐतिहासिक रहेगा. सरकार रामनवमी के जुलूस फूल बरसाकर स्वागत करे. विधायक मनीष प्रसाद ने कहा कि डीजे पर रोक नहीं लगनी चाहिए. सरकार यदि इसको रोक पाने में असमर्थ है, तो हमलोगों को स्वयं जुलूस निकालने के लिए अनुमति दे. हमलोग आपसी सौहार्द के साथ सभी त्योहार मनाते आए हैं और मनाते रहेंगे.

जुलूस पर रोक लगाना गलत: रौशन लाल चौधरी

विधायक रौशन लाल चौधरी ने कहा कि सरकार महूदी के जुलूस पर जो रोक लगाई है, वह पूरी तरह से गलत है. सरकार अविलंब इस रोक को हटा ले. अल्पसंख्यक कल्याण मामलों के मंत्री हफिजुल हसन ने कहा कि सरकार ने कभी भी डीजे पर रोक लगाने की बात नहीं की है, बल्कि कोर्ट के आदेश का पालन करवा रही है. सरकार किसी भी धर्म विशेष के त्योहार के पीछे नहीं है, बल्कि उनकी देखभाल के लिए कृतसंकल्पित है.

धार्मिक उन्माद फैलाना चाहती है भाजपा: दीपिका पांडेय

मंत्री दीपिका सिंह पांडेय ने कहा कि भाजपा अफवाह और धार्मिक उन्माद फैलाकर राजनीति करना चाहती है. हमलोग ऐसा नहीं कर सकते हैं. कोर्ट का आदेश मानें या न मानें, यह उनकी मर्जी है. उन्हें लगता है कि यदि हमारे साथ गलत हो रहा है, तो गृह मंत्रालय से ही क्यों नहीं डीजे बजाने की इजाजत ले लेते? उन्होंने कहा कि त्योहारों के अलावा अन्य दिनों में भी सूबे में पेयजल की समस्या नहीं होने दी जाएगी. खराब पड़े चापाकलों को दुरुस्त करने को कहा गया है. इसके लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के चापाकलों दुरुस्त कराने के लिए फंड की कमी नहीं होने दी जाएगी.

आम लोगों को परेशान कर रही सरकार: नीरा यादव

विधायक नीरा यादव ने कहा कि हेमंत सरकार आम लोगों को परेशान करने के लिए जानबूझकर यह सब निर्णय लेती है. उन्होंने कहा कि हम सभी लोगों के साथ मिलकर त्योहार मनाएंगे और डीजे बजाएंगे. डॉ इरफान अंसारी क्या बोलते हैं और क्या नहीं बोलते, यह उन्हें खुद भी पता नहीं है. वे अखबार में नाम छपाने के लिए कुछ भी कर सकते हैं.

धार्मिक उत्सव रोकना गलत: बाबूलाल मरांडी

प्रतिपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि किसी भी धार्मिक उत्सव को रोकना गलत है. चाहे रामनवमी का जुलूस हो या फिर मोहर्रम का. सड़क सार्वजनिक है और सार्वजनिक रास्ते पर कोई संप्रदाय विशेष के डर से रोक लगाना उचित नहीं है. इससे एक गलत परंपरा की शुरुआत होगी.

भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं: सुदीव्य

मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि भाजपा के पास कोई मुद्दा नहीं है, तो वह मुद्दाविहीन होकर कभी किसी बात को लेकर तो कभी किसी बात को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रही है, जो गलत है. जेटेट में लाठीचार्ज के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि छात्रों को अपना भविष्य देखना चाहिए, उन्हें राजनीति नहीं करनी चाहिए. कुछ लोग उन्हें उकसाकर अपनी राजनीति चमका रहे हैं. यदि वे इस तरह सड़क पर उतरेंगे, तो उन्हें हर हाल में रोका लगा जाएगा. छात्रों की परीक्षा नजदीक है और वे पढ़ने के बजाय सड़क पर उतरे हुए हैं.

इसे भी पढ़ें: चतरा में मच्छरों को भगाने के लिए नहीं हो रही फॉगिंग, महीनों से धूल फांक रही 40 लाख की मशीन

सबसे पहले विधानसभा पहुंचीं शिल्पी नेहा तिर्की

आज सबसे पहले शिल्पी नेहा तिर्की सुबह 10.28 पर विधानसभा पहुंची. जब उनसे पूछा गया कि आज आप सबसे पहले पहुंची है, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि मेरा प्रश्नकाल है. इसलिए मैं पहले पहुंची हूं. दूसरे नंबर पर जरमुंडी विधायक देवेंद्र कुंअर विधानसभा पहुंचे. आज विधानसभा सत्र का आखिरी है. काफी संख्या में लोग विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए पहुंचे. इसके अलावा, स्कूल के विद्यार्थी भी आए थे.

इसे भी पढ़ें: हजारीबाग में सज गया ईद बाजार, खरीदारों की उमड़ने लगी भीड़

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By KumarVishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >