बिजली विभाग ने पोल से अवैध केबल काटे तो रांची के 14 इलाकों में ठप हो गया इंटरनेट

रांची में बिजली के खंभों से अवैध केबल हटाने की कार्रवाई से कई इलाकों में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बाधित हो गईं. उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, खासकर BSNL, Airtel और Jio के ग्राहक प्रभावित हुए. कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी और सेवा बहाली की उम्मीद.

रांची: बिजली विभाग की ओर से बुधवार को बिजली के खंभों पर अवैध रूप से लगे केबल तारों को हटाने का काम किया गया. इससे राजधानी रांची के 14 इलाकों में विभिन्न केबल ऑपरेटरों की इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से ठप हो गईं. इससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. BSNL और Airtel समेत अन्य निजी ऑपरेटरों के ग्राहक सबसे ज्यादा प्रभावित रहे. Jio के ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा. ज्ञात हो कि यह समस्या दोपहर एक बजे से शुरू हुई, जो देर रात तक रही.

जियो के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, बिजली के खंभों पर अनुमति लेकर केबल लगाए गए हैं. अन्य ऑपरेटरों के कारण कहीं-कहीं परेशानी हुई, जिसे रात 10 बजे तक दुरुस्त कर लिया गया. वहीं हरमू, कोकर, कांके रोड, मेन रोड, खेलगांव, कुसई चौक, करमटोली सहित अन्य इलाकों में एयरटेल की इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह से बाधित रहीं. फाइबर मोबाइल इंटरनेट के साथ-साथ कई जगहों पर अन्य दूरसंचार सेवाएं भी प्रभावित रहीं.

ये भी पढ़ें- बिजली पोल पर झूलते केबल हटाने की कार्रवाई शुरू, कंपनियों को दिया अंतिम मौका भी खत्म

कंपनी सूत्रों के अनुसार, विभिन्न इलाकों में बिजली विभाग की ओर से काम किया जा रहा था. इसी दौरान एयरटेल का केबल क्षतिग्रस्त हो गया. केबल कटने के कारण कई इलाकों में इंटरनेट सेवा बाधित रही. इसका असर आसपास के कई क्षेत्रों में भी देखने को मिला. एयरटेल कंपनी की ओर से बताया गया कि जानकारी मिलने के बाद कंपनी की तकनीकी टीम ने क्षतिग्रस्त केबल को दुरुस्त करने का काम शुरू किया और रात आठ बजे तक सेवा बहाल कर दी गई.

कंपनियों को दिया गया अंतिम मौका खत्म हाइकोर्ट की सख्ती के बाद झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने बिजली के पोल पर अनधिकृत, कम ऊंचाई और असुरक्षित तरीके से लगाए गए टेलीकॉम, ओएफसी और टीवी केबल के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है. कंपनियों को केबल और उपकरणों को सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यवस्थित करने के लिए दिया गया अंतिम मौका भी खत्म हो गया है.

16 अगस्त तक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले केबल को अब निगम अपने स्तर से हटा रहा है. हटाने में आने वाला खर्च संबंधित कंपनी या एजेंसी से वसूला जाएगा. जेबीवीएनएल ने जून 2026 में भी दूरसंचार कंपनियों को केबल सुरक्षित करने का निर्देश दिया था. इसके बाद हाइकोर्ट के स्वतः संज्ञान मामले के आलोक में 13 अगस्त को अंतिम नोटिस जारी किया गया था.

ये भी पढ़ें- JPSC Recruitment Controversy: झारखंड में नियुक्ति पर लगा ब्रेक, 1744 पदों पर की गई नियुक्ति हुई रद्द

रांची के कई इलाकों में हटाए गए केबल

बुधवार को कार्रवाई के पहले चरण में रांची के कई प्रमुख इलाकों में बिजली पोल पर लगे असुरक्षित और अवैध केबल हटाये गए. निगम के अनुसार कुसई चौक से 56 सेट, जीवन लोक अस्पताल से लक्ष्मी नर्सिंग होम (हिनू रोड), कुम्हार टोली (हरमू रोड), श्रद्धानंद रोड, कांके रोड में हॉलिडे होम के पास, चांदनी चौक (तुपुदाना), सैनिक कॉलोनी (बूटी मोड़), कांके रोड में इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल के पास, मेन रोड, कोचा टोली, खेलगांव रोड (लालगंज), डिस्टिलरी पुल से कोकर शिव मंदिर, करमटोली चौक से रामेश्वरम गली और जगन्नाथपुर थाना से शनि मंदिर तक कार्रवाई की गई. इसके अलावा निगम के अभियान के तहत डोरंडा, हिनू, डंगराटोली चौक, लालपुर, पुरुलिया रोड, कोकर, मोरहाबादी, चिरौंदी और नामकुम समेत रांची के अन्य इलाकों में भी अनधिकृत और झूलते केबल हटाने की कार्रवाई की जा रही है.

डोरंडा से नामकुम तक चलेगा अभियान

पहले चरण में रांची के ईस्ट, वेस्ट, सेंट्रल, न्यू कैपिटल, डोरंडा और कोकर विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को कार्रवाई की जिम्मेदारी दी गई है. रांची के अलावा खूंटी, गुमला, लोहरदगा और सिमडेगा में भी संबंधित विद्युत कार्यपालक अभियंताओं को अनधिकृत और असुरक्षित केबल हटाने का निर्देश दिया गया है. निगम ने स्पष्ट किया है कि कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अर्चना कुजूर

अर्चना कुजूर एक डिजिटल पत्रकार और कंटेंट राइटर हैं, जो वर्तमान में प्रभात खबर के डिजिटल विभाग में कार्यरत हैं. वह झारखंड डेस्क के रांची एडिशन के अंतर्गत आने वाले विभिन्न जिलों के साथ-साथ राज्य की प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक और जनसरोकार से जुड़ी खबरों को कवर करती हैं. अर्चना ने वर्ष 2016 में क्राफ्ट फिल्म स्कूल, रोहिणी (नई दिल्ली) से टीवी जर्नलिज्म एंड न्यूज रीडिंग में एक वर्षीय डिप्लोमा किया. इसके बाद उन्होंने नोएडा स्थित नेशनल वॉयस न्यूज और इंडिया वॉयस न्यूज चैनल (इलेक्ट्रॉनिक मीडिया) में इंटर्नशिप करने के साथ-साथ व्यावहारिक पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया.

झारखंड लौटने के बाद उन्होंने कशिश न्यूज चैनल में लगभग डेढ़ वर्ष तक आउटपुट विभाग में कॉपी राइटर के रूप में कार्य किया. इसके बाद रांची एक्सप्रेस में एजुकेशन बीट पर रिपोर्टिंग की और प्रिंट पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया. वर्ष 2022 से उन्होंने न्यूज11 भारत और नक्षत्र न्यूज चैनल में लगभग दो-दो वर्षों तक डिजिटल कंटेंट राइटर के रूप में कार्य करते हुए राज्य की राजनीति, शिक्षा, रोजगार, प्रशासन, योजनाओं और समसामयिक विषयों पर हजारों समाचार और विशेष लेख लिखें.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >