रांची : राजधानी रांची में मंगलवार को मौसम का मिजाज अचानक बदला गया है. कई इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है. देर रात से ही राजधानी सहित आसपास के जिलों में बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण शहर की सड़कों पर पानी जमा हो गया. 11 बजे तक कांके में करीब 40 मिमी के आसपास बारिश हो गयी है. जिससे आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.
बारिश के कारण ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित
कई जगहों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गयी और ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई. बारिश के कारण निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गयी. मुख्य सड़कों के साथ-साथ कई मोहल्लों की गलियों में भी पानी भर गया. इससे पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी हुई. कई स्थानों पर लोगों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा. जलजमाव के कारण कुछ इलाकों में जाम की स्थिति भी बनी. मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बने मौसम सिस्टम और डिप्रेशन के प्रभाव से झारखंड में बारिश की गतिविधियां तेज हुई हैं. कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात का खतरा भी बताया गया है. राजधानी में बारिश के दौरान बिजली चमकने और तेज हवा चलने की भी स्थिति बनी रही.
मौसम विभाग ने लोगों को किया सतर्क
इसे देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गयी है. विशेष रूप से खुले मैदान, पेड़ के नीचे और जलजमाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से नहीं जाने की अपील की गयी है. बारिश से जहां लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली, वहीं जलजमाव ने नगर की तैयारियों की पोल भी खोल दी. कई इलाकों में नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखी गयी. लोगों का कहना है कि बारिश शुरू होते ही सड़कों पर पानी जमा हो जाता है, जिससे रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं. मौसम विभाग ने आने वाले समय में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जतायी है. ऐसे में राजधानी के निचले इलाकों और जलजमाव वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता की जरूरत है. प्रशासन और नगर निगम की टीमों को भी जल निकासी की व्यवस्था पर नजर रखने की जरूरत है, ताकि लगातार बारिश की स्थिति में लोगों को परेशानी से बचाया जा सके. ये भी पढ़ें: झारखंड में भारी बारिश की संभावना, इन जिलों में रेड अलर्ट
झारखंड में अगले 24 घंटे पश्चिम और उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा अवदाब
झारखंड और उससे सटे पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों में बना अवदाब लगातार पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के राष्ट्रीय बुलेटिन संख्या-6 के अनुसार 18 अगस्त की सुबह 5.30 बजे यह डिप्रेशन झारखंड और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्सों के आसपास केंद्रित था. मौसम विभाग के अनुसार पिछले छह घंटे के दौरान डिप्रेशन करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा. सुबह 5.30 बजे इसका केंद्र 23.8 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 86.1 डिग्री पूर्वी देशांतर के पास था.
यह केंद्र रांची से करीब 100 किलोमीटर उत्तर-पूर्व, बिहार के गया से 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व, डालटनगंज से 210 किलोमीटर पूर्व, छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से 300 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व और उत्तर प्रदेश के वाराणसी से करीब 380 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में स्थित था. मौसम विभाग ने बताया है कि डिप्रेशन के अगले 24 घंटे के दौरान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड और बिहार से गुजरने की संभावना है. इसके प्रभाव से झारखंड के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. अवदाब के आगे बढ़ने के साथ राज्य में कहीं-कहीं भारी बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है. मौसम विभाग ने लोगों को स्थानीय मौसम चेतावनियों पर नजर रखने और जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है.
ये भी पढ़ें: JSSC CGL मामला: पत्थलगड्डा के BSO को पुलिस ने लिया हिरासत में, CID के निर्देश पर पूछताछ शुरू
