रांची : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर झारखंड केंद्रीय विश्वविद्यालय (CUJ) के वाणिज्य और वित्तीय अध्ययन विभाग द्वारा 'इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब' के तत्वावधान में 'युवा प्रबोधन कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय के युवा छात्रों के बीच चुनावी साक्षरता को बढ़ावा देना, लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करना और उन्हें उनके संवैधानिक व नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था.
प्रेरणादायक गीत और प्रो. के. बी. सिंह के स्वागत भाषण से हुआ शुभारंभ
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के स्वयंसेवक सुनील द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरणादायक गीत के साथ हुआ. इसके पश्चात वाणिज्य एवं वित्तीय अध्ययन विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो. के. बी. सिंह ने कार्यक्रम की आधिकारिक प्रस्तावना रखी. उन्होंने अपने स्वागत वक्तव्य के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताया.
ये भी पढ़ें: टाटा स्टील ने JFC को बेचा! सिर्फ 100 रुपये में हुई डील फाइनल, जानें किसने किया टेकओवर
लघु फिल्म "आई एम दैट चेंज" की स्क्रीनिंग और चुनावी साक्षरता पर मंथन
छात्रों में जागरूकता को अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान विशेष रूप से शॉर्ट फिल्म "(आई एम दैट चेंज) I Am That Change" की स्क्रीनिंग की गई. इस लघु फिल्म के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि एक स्वच्छ, पारदर्शी और सशक्त समाज के निर्माण के लिए बदलाव की शुरुआत स्वयं से ही करनी होती है. उसके बाद, इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के नोडल ऑफिसर डॉ. शशांक कुलकर्णी ने अपने संबोधन में चुनावी साक्षरता (Electoral Literacy) के विभिन्न व्यावहारिक और वैधानिक पहलुओं पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने अधिकारों और कर्तव्यों के अंतर्संबंधों को रेखांकित करते हुए एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका को स्पष्ट किया.
संवैधानिक कर्तव्यों की शपथ और राष्ट्रीय गीत के साथ समापन
कार्यक्रम के अगले चरण में स्वयंसेवक सारण ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों और विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में वर्णित 'नागरिक कर्तव्य बोध' की शपथ दिलाई. सभी ने अपने संवैधानिक, सामाजिक, नैतिक और लोकतांत्रिक दायित्वों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया. अंत में स्वयंसेवक आदित्य द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया. देशभक्ति के माहौल में राष्ट्रीय गीत "वंदे मातरम" के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ. इस अवसर पर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंस के डीन प्रोफेसर बटेश्वर सिंह, डॉ. प्रणय पराशर, अमित कुमार दुबे, सोनी मिताली समेत विभाग के कई शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: चमोली टनल हादसे में झारखंड के दो मजदूरों की मौत, पांच घायलों का अस्पताल में चल रहा इलाज
