14 दिसंबर को झारखंड से 5000 कार्यकर्ता पहुंचेंगे दिल्ली, ‘वोट चोरी’ के खिलाफ रैली में होंगे शामिल

Congress Maharally Against Vote Chori: कथित वोट चोरी के खिलाफ देश की राजधानी नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में 14 दिसंबर को आयोजित ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली में प्रदेश के 5000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने पत्रकारों को यह जानकारी दी है. प्रदीप यादव ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया.

By Mithilesh Jha | November 23, 2025 5:08 PM

Congress Maharally Against Vote Chori: झारखंड कांग्रेस के 5,000 से अधिक कार्यकर्ता कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ 14 दिसंबर को नयी दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली रैली में शामिल होंगे. झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने रविवार को यह जानकारी दी. वह राजधानी रांची में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे.

12 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों में एसआईआर का विरोध

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी विभिन्न राज्यों में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ भी प्रदर्शन करेगी. कांग्रेस ने कथित वोट चोरी और 12 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों में एसआईआर के मुद्दे पर 14 दिसंबर को दिल्ली में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ महारैली के आयोजन की घोषणा की है.

Congress Maharally Against Vote Chori: ‘वोट चुराकर’ बन रही एनडीए सरकारें – कांग्रेस

केशव महतो कमलेश ने बताया कि झारखंड के सभी संभागों से 5,000 से अधिक कांग्रेस कार्यकर्ता प्रस्तावित रैली में भाग लेंगे. सभी जिलाध्यक्षों को रैली में भाग लेने वाले सदस्यों की सूची तैयार करने को कहा गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने दावा किया कि कई राज्यों में ‘वोट चुराकर’ एनडीए की सरकारें बनायी जा रहीं हैं.

झारखंड की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

निर्वाचन आयोग पर कांग्रेस ने लगाये गंभीर आरोप

उन्होंने निर्वाचन आयोग पर भी गंभीर आरोप लगाये. कहा कि निर्वाचन आयोग ने सत्ता में बैठे लोगों के इशारे पर काम करते हुए पूरी चुनावी प्रक्रिया की गरिमा को ठेस पहुंचायी है. उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अन्य दलों के साथ मिलकर इसके खिलाफ अभियान चलायेगी. दिल्ली में आयोजित महारैली का संचार के विभिन्न माध्यमों से प्रचार प्रसार किया जायेगा.

प्रदीप यादव बोले- वोट के अधिकार की रक्षा की लड़ाई लड़ते रहेंगे

कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि देश के लोकतंत्र, संविधान और आमजनों के वोट के अधिकार की रक्षा के लिए जो लड़ाई कांग्रेस ने छेड़ी है, उसकी सफलता के लिए झारखंड इकाई संघर्ष के राह पर चलती रहेगी. उन्होंने कहा कि भाजपा और उसका नेतृत्व चोरी के शासन में अपनी धमक देना चाहता है, जिसका प्रतिरोध किया जायेगा.

वोट चोरी, वोटर लिस्ट से लोगों के नाम हटाने के आरोप लगाये

प्रदीप यादव ने कहा कि कहीं वोट चोरी करके, वोटर लिस्ट से मतदाताओं का नाम हटाकर, कभी विधायकों की खरीद-फरोख्त करके भाजपा सरकार बना रही है. संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, लाल किशोर नाथ शाहदेव, सोनाल शांति, केदार पासवान और राजन वर्मा उपस्थित थे.

इसे भी पढ़ें

Deoghar news : ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ अभियान में अव्वल रहा देवघर जिला कांग्रेस, मिली ग्रेड-वन रैंकिंग

छह प्रखंडों में चला महानगर कांग्रेस का ‘वोट चोर-गद्दी छोड़’ अभियान

वोट चोर गद्दी छोड़ अभियान कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रव्यापी अभियान : समर माजि

Political news : दलित, आदिवासी और पिछड़ों की वोट चोरी की गयी : कांग्रेस