SIR का जायजा लेने कुड़ू पहुंचे कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दुबे, चुनावी पाठशाल में हुए शामिल

कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दुबे ने कुड़ू प्रखंड पहुंचकर मतदाता जागरूकता एवं प्रशिक्षण पाठशालाओं में भाग लिया. उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति जानी.


कुड़ू से अमित कुमार राज की रिपोर्ट

SIR Jharkhand: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं लोहरदगा जिला कांग्रेस प्रभारी आलोक कुमार दुबे बुधवार को कुड़ू प्रखंड पहुंचे. उन्होंने चुनाव आयोग के निर्देश पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत विभिन्न मतदान केंद्रों पर आयोजित मतदाता जागरूकता एवं प्रशिक्षण पाठशालाओं में भाग लिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) से मतदाता सूची के अद्यतन कार्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.

मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा कोई मतदाता: आलोक

प्रभात खबर से बातचीत करते हुए आलोक कुमार दुबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है कि झारखंड का कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) अपने-अपने मतदान केंद्रों पर सक्रिय हैं और मतदाताओं की हर संभव सहायता कर रहे हैं.

भाजपा पर साधा निशाना

आलोक कुमार दुबे ने इस दौरान भाजपा और केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा झारखंड के मतदाताओं को परेशान करने की कोशिश कर रही है. उनका कहना था कि केंद्र सरकार चुनाव आयोग के माध्यम से झारखंड के मूल निवासियों को अनावश्यक परेशान कर रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाती रहेगी और किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से हटने नहीं दिया जाएगा.

कई मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान आलोक कुमार दुबे ने कुड़ू प्रखंड के कई मतदान केंद्रों का दौरा किया. उन्होंने राजकीय बुनियादी विद्यालय कुड़ू के बूथ संख्या 135, 136 और 137, पंचायत सचिवालय कुड़ू पूर्वी क्षेत्र के बूथ संख्या 142, पश्चिमी क्षेत्र के बूथ संख्या 141, राजकीयकृत बालिका मध्य विद्यालय टाकु के बूथ संख्या 139 और 140, राजकीयकृत उत्क्रमित उर्दू कन्या मध्य विद्यालय सुंदरु के बूथ संख्या 90 और 91, राजकीय प्राथमिक विद्यालय कड़ाक के बूथ संख्या 96 और 97 तथा राजकीयकृत उत्क्रमित बुनियादी उच्च विद्यालय चिरी के बूथ संख्या 94 और 95 का निरीक्षण किया. प्रत्येक मतदान केंद्र पर उन्होंने बीएलओ से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति, फॉर्म वितरण और प्राप्त आवेदन की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही मतदाताओं को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की.

डुप्लीकेट, मृत और स्थानांतरित वोटरों की स्थिति जानी

दौरे के दौरान कांग्रेस महासचिव ने बीएलओ से डुप्लीकेट एवं मल्टीपल प्रविष्टियों वाले मतदाताओं, मृत मतदाताओं, लापता एवं लंबे समय से अनुपस्थित मतदाताओं तथा दूसरे स्थान पर स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं की अद्यतन जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि ऐसे मामलों में किस प्रकार की कार्रवाई की जा रही है और मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाने के लिए क्या कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का सही और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है. यदि सूची में त्रुटियां रहेंगी तो योग्य मतदाताओं को मतदान के अधिकार से वंचित होने का खतरा रहेगा. इसलिए पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए.

एसआईआर प्रक्रिया पर जताया संतोष

आलोक कुमार दुबे ने लोहरदगा जिले में चल रही एसआईआर प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि बीएलओ पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्धारित समय सीमा के भीतर पुनरीक्षण कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि 29 जुलाई तक एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कराने का महत्वपूर्ण कार्य पूरा किया जाना है. उन्हें विश्वास है कि लोहरदगा जिला इस लक्ष्य को शत-प्रतिशत सफलता के साथ हासिल करेगा. उन्होंने मतदाताओं से भी अपील की कि वे समय रहते अपने दस्तावेज और आवश्यक फॉर्म जमा कर प्रक्रिया में सहयोग करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

इसे भी पढ़ें: एसआईआर देखने बूथ पर पहुंचे झारखंड कांग्रेस प्रभारी के राजू, पार्टी एजेंट से ली जानकारी

मतदाता जागरूकता पर दिया जोर

कांग्रेस नेता ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम होना आवश्यक है. उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी मतदाता का नाम सूची में नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है तो वे तुरंत बीएलओ से संपर्क कर उसे ठीक कराएं. उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की सबसे बड़ी पहचान हैं. इस अवसर पर प्रखंड उप प्रमुख सह एसआईआर के मास्टर ट्रेनर बोकारो जिला के ऐनुल अंसारी, संजु तुरी सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि, कांग्रेस कार्यकर्ता और संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे. सभी ने मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने के लिए आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की.

इसे भी पढ़ें: JPSC ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा समेत नौ परीक्षाओं को किया स्थगित, 25 से 27 जुलाई के बीच होना था एग्जाम


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Kumarvishwat Sen

कुमार विश्वत सेन प्रभात खबर डिजिटल में डेप्यूटी चीफ कंटेंट राइटर हैं. इनके पास हिंदी पत्रकारिता का 25 साल से अधिक का अनुभव है. इन्होंने 21वीं सदी की शुरुआत से ही हिंदी पत्रकारिता में कदम रखा. दिल्ली विश्वविद्यालय से हिंदी पत्रकारिता का कोर्स करने के बाद दिल्ली के दैनिक हिंदुस्तान से रिपोर्टिंग की शुरुआत की. इसके बाद वे दिल्ली में लगातार 12 सालों तक रिपोर्टिंग की. इस दौरान उन्होंने दिल्ली से प्रकाशित दैनिक हिंदुस्तान दैनिक जागरण, देशबंधु जैसे प्रतिष्ठित अखबारों के साथ कई साप्ताहिक अखबारों के लिए भी रिपोर्टिंग की. 2013 में वे प्रभात खबर आए. तब से वे प्रिंट मीडिया के साथ फिलहाल पिछले 10 सालों से प्रभात खबर डिजिटल में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. इन्होंने अपने करियर के शुरुआती दिनों में ही राजस्थान में होने वाली हिंदी पत्रकारिता के 300 साल के इतिहास पर एक पुस्तक 'नित नए आयाम की खोज: राजस्थानी पत्रकारिता' की रचना की. इनकी कई कहानियां देश के विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >