संजीव सिंह
Ranchi: राजधानी रांची के विभिन्न कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों में बड़े ही उत्साह के साथ विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया. इसके तहत पेड़-पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया गया और कई नये पौधे लगाए गए. मौके पर काफी संख्या में छात्र और शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं. कई स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण के लिए गोष्ठी का भी आयोजन किया गया. वहीं, कई कॉलेजों में छात्रों ने स्वच्छता अभियान चलाकर भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया.
डोरंडा कॉलेज में एक पेड़ मां के नाम अभियान चला
रांची के डोरंडा कॉलेज में एनएसएस द्वारा शुक्रवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ कार्यक्रम के तहत कॉलेज परिसर में पौधारोपण किया गया. स्लोगन के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. कार्यक्रम पदाधिकारी प्रो कंचन मुंडा ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है एवं हम सभी को अपने जीवन काल में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करनी चाहिए. ताकि आने वाली पीढ़ियों को शुद्ध पर्यावरण का लाभ मिले. कार्यक्रम को सफल बनाने में जमील, विपुल, तहमीद, आसिन, जरीन, खुशबू, प्रतिमा, नंदिनी, खुशबू आदि शामिल थे.
आजसू ने रांची विवि मुख्यालय में किया पौधारोपण
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आजसू के सदस्यों ने शुक्रवार को रांची विवि मुख्यालय में पौधारोपण किया. इस अवसर पर कुलपति प्रो सरोज शर्मा, प्रो डॉ एमसी मेहता, परीक्षा नियंत्रक डॉ संजय कुमार सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित थे. कुलपति ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि निरंतर चलने वाली सामाजिक जिम्मेदारी है. आजसू की ओर से प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, डॉ सौरभ शर्मा, राजेश सिंह, सक्षम झा, रोशन नायक, प्रशांत महतो, सौरभ यादव, अब्दुल खान, रोशनी मुंडा, तनु कुमारी, निशांत लिंडा, विद्यानंद रॉय, नीरज कुमार, सिद्धार्थ कुमार, पंकज, अमित आदि उपस्थित थे और सभी ने पौधारोपण किया.
रांची वीमेंस कॉलेज में चला एक पेड़ मां के नाम अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर रांची वीमेंस कॉलेज एनएसएस इकाइयों द्वारा प्रकृति और मातृत्व को समर्पित विशेष अभियान एक पेड़ मां के नाम के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर कॉलेज की स्वयंसेविकाओं ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अपने-अपने घरों के समीप पौधे लगाए और हरियाली संवर्धन का संदेश दिया. कॉलेज की जनसंपर्क अधिकारी सह एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ कुमारी उर्वशी ने बताया कि इस अवसर पर आकांक्षा, विशाखा कुमारी, रिया कुमारी, वर्तिका कुमारी, सविता वर्मा, श्रीजा प्रसाद, कोमल कुमारी, शिवानी कुमारी, संतोषी कुमारी, कुमारी मानसी, अलीशा कुमारी, लकी कुमारी, मुस्कान वर्मा, सपना कुमारी, खुशी कुमारी, चंचला दीप, प्रियंका कुमारी आदि छात्राओं ने पौधारोपण के माध्यम से प्रकृति के संरक्षण को अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानते हुए पर्यावरण संतुलन बनाये रखने का संदेश दिया.
जेएन कॉलेज में प्राचार्य, शिक्षकों व विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण
जेएन कॉलेज धुर्वा में शुक्रवार को विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर कॉलेज परिसर में एनएसएस द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. जिसमें प्राचार्या सहित, सभी शिक्षकों, कर्मचारियों व विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. इस अवसर पर प्राचार्या डॉ शुमशुन नेहार, डॉ प्रमोद कुमार सिंह, डॉ कुमार पुष्कर सिंह, डॉ अनिल पांडेय सहित एनएसएस स्वयंसेवकों ने पूरे परिसर में औषधीय व छायादार पौधे लगाये. प्राचार्या ने सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने, अपने आसपास पौधे लगाने व उसकी रक्षा करने का संकल्प दिलाया.
विद्यार्थी परिषद ने चलाया स्वच्छता व पौधारोपण अभियान
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद महानगर इकाई द्वारा शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर एक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. सेवा और स्वच्छता के संकल्प के साथ परिषद के कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया. इसके तहत कई जगहों पर पौधारोपण भी किया. परिषद के सदस्यों ने मुख्य रूप से रांची रेलवे स्टेशन परिसर, बहु बाजार तालाब, बहु बाजार पार्क आदि जगहों पर अभियान चलाया. पार्क परिसर में श्रमदान भी किया. सदस्यों ने वहां मौजूद लोगों से आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ रखने और प्लास्टिक मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का आग्रह किया.
ये भी पढ़ें…
झारखंड राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने प्रणव झा को बनाया उम्मीदवार, JMM-BJP के फैसले पर टिकी नजरें
