सुनील चौधरी
Ranchi: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में महिला बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की अपडेटेड कार्य प्रगति की समीक्षा बैठक की. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों में तेजी लाते हुए विकास की किरणें समाज के अंतिम पायदान के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जाये. सीएम ने कहा कि विभाग के अंतर्गत रिक्त पदों को भरने हेतु नियुक्ति प्रक्रियाओं में तेजी लायी जाये. बताया गया कि सीडीपीओ के 106 पद, महिला पर्यवेक्षिका के 433 पद, आंगनबाड़ी सेविका के 583 पद एवं आंगनबाड़ी सहायिका के 897 पद रिक्त हैं. इन पदों पर नियुक्ति की जानी है.
बालिकाओं को ब्रांड एंबेसडर
सीएम ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथाओं पर हर हाल में रोक लगायी जाये. गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा जैसे जगहों पर बाल विवाह के ज्यादा मामले देखने और सुनने को मिल रहे हैं, ऐसे जगहों पर अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करें. बाल विवाह को बढ़ावा देने वालों एवं इसमें शामिल लोगों पर की जाने वाली कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानकारी भी आमजनों को दें. सीएम ने स्कूल-कॉलेजों में भी बालिकाओं को जागरूक करने की बात कही. साथ बाल विवाह मुक्त झारखंड की दिशा में अपनी साहस और दृढ़संकल्प को दिखाने वाली बालिकाओं को ब्रांड एंबेसडर/वॉलेंटियर बनाने की बात कही.
मिशन मोड में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनायें
सीएम ने राज्य के भीतर मिशन मोड में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र बनाने का निर्देश दिया. कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण के लिए सीएसआर एवं डीएमफटी फंड का उपयोग कर पहले जीर्ण-शीर्ण एवं किराये के भवन में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को शिफ्ट कराना सुनिश्चित करें. मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में बिजली, शौचालय एवं पेयजल आपूर्ति की बेहतर सुविधा सुनिश्चित की जाये. मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने अवगत कराया कि किराये पर संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों को सरकारी विद्यालय परिसरों में शिफ्ट किए जाने का कार्य भी विभाग द्वारा किया जा रहा है. इससे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सकेगा और इसका सकारात्मक प्रभाव बच्चों पर पड़ेगा.
सखी वन स्टॉप सेंटर के उपयोग के प्रति महिलाओं को करें जागरूक
बैठक में बताया गया कि पोषण अभियान योजना के अंतर्गत आंगनबाड़ी सेविकाओं को मोबाइल फोन उपलब्ध कराने के पश्चात पोषण ट्रैकर पोर्टल के माध्यम से प्रत्येक दिन की गतिविधियों को अपलोड किया जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर के उपयोग के प्रति महिलाओं को जागरूक कर विभिन्न हिंसा से प्रभावित महिलाओं को सहायता प्रदान करें. साथ ही इसे स्थानीय पुलिस प्रशासन के साथ जोड़ें. मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला हेल्पलाइन नंबर को लेकर लोगों में जागरूकता लायें और इस नंबर पर प्राप्त शिकायतों को तत्परता के साथ निराकरण करना सुनिश्चित की जाये.
मुख्यमंत्री सर्वजन पेंशन योजना के छूटे हुए लाभुकों को जोड़ें
मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्धारित आयु वर्ग के व्यक्तियों को पेंशन योजना से जोड़ना सुनिश्चित करें. झारखंड मुख्यमंत्री मईयां सम्मान योजना की कार्य प्रगति की जानकारी लें एवं अहर्ता पूर्ण करने वाले छूटे हुए लाभुकों को भी इस योजना से जोड़ें.
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह, निदेशक समाज कल्याण किरण कुमार पासी, अपर सचिव महिला बाल विकास विभाग अभय नंदन अम्बष्ट, निदेशक आईसीपीएस विजय कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.
ये भी पढ़ें…
Ranchi: झारखंड के जंगलों की इकोसिस्टम सर्विसेज का होगा वैज्ञानिक मूल्यांकन
Ranchi: राज्य सरकार के राजस्व में लगातार वृद्धि, पेट्रोल-डीजल आमदनी का बड़ा माध्यम
