पिपरवार: यूसीडब्लयुयू क्षेत्रीय कार्यालय, बचरा में कार्यकर्ताओं की बैठक रविवार को अब्दुल्ला अंसारी की अध्यक्षता में हुई. बैठक में सर्वप्रथम यूनियन के कद्दावर नेता राजमहल क्षेत्र के रामस्वरूप पासवान व सदस्य रूपलाल गंझू के निधन पर दो मिनट का मौन रख कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गयी. इसके बाद क्षेत्रीय सचिव अरविंद शर्मा ने कार्य रिपोर्ट पेश किया. इस अवसर पर उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि एक समय पिपरवार क्षेत्र एशिया का महत्वपूर्ण कोयला उत्पादक क्षेत्र था.
परंतु, आज क्षेत्र कोयला को लेकर संघर्ष कर रहा है. उन्होंने उम्मीद व्यक्त की कि अशोक वेस्ट परियोजना चालू होने पर पिपरवार क्षेत्र पुन: अपना खोया हुआ गौरव प्राप्त करेगा. श्री शर्मा ने आंदोलन कर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देने पर विवश करने के लिए छात्रों को बधाई दी. इसके अलावा मजदूरों के आवास मरम्मत, प्रोन्नति, एरियर भुगतान, सेवा पुस्तिका में कर्मियों के आश्रित के नाम व जन्म तिथि शुद्धिकरण कार्य में प्रबंधन द्वारा भेदभाव करने का आरोप लगाते हुए चिंता व्यक्त की. उन्होंने प्रबंधन से गंभीरतापूर्वक समाधान करने की मांग की.
अरविंद शर्मा ने 12वां जेबीसीसीआई के गठन को लेकर संयुक्त मोर्चा की 10 अगस्त को महाप्रबंधक कार्यालय के समक्ष प्रस्तावित धरना प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया. बैठक को धनेश्वर गंझू, रहमतुल्लाह, सरजू सिंह, सोमर गंझू, कुंवर महतो, अनीत कुमार, सुखदेव राम व निरंजन प्रजापति ने भी संबोधित किया. मौके पर अनित कुमार, सरजू सिंह, बंटी मोदी, भरत नोनिया, सुखदेव राम, धनेश्वर गंझू, ऋषिकेश मिश्रा, सेवक गंझू, राजकुमार, अहसान, गीता देवी, प्रतिमा देवी, अवधेश पांडेय, भीम प्रसाद ठाकुर सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे.
