रांची. हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र की मोती मस्जिद के पास ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों पर हमला और हथियार छीनने के प्रयास के मामले में नामजद आरोपी मो इमरान ने शनिवार को कोर्ट में सरेंडर कर दिया. पुलिस के बढ़ते दबाव के बाद उसने रांची सिविल कोर्ट के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एसबी शर्मा की अदालत में आत्मसमर्पण किया. कोर्ट के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा भेज दिया गया.
मामला चार दिन पहले का है. टाइगर-24 में तैनात जवान आरिफ आलम खान और आइआरबी-4 के जवान अनिल कुमार मोती मस्जिद के पास ड्यूटी कर रहे थे. पुलिस के अनुसार, इसी दौरान सड़क पर एक व्यक्ति कथित तौर पर ब्राउन शुगर खरीद रहा था. पुलिस जवानों को देखकर वह भागने लगा. जवानों ने उसे पकड़कर पूछताछ शुरू की, तो वह हंगामा करने लगा.
आरोप है कि इसी दौरान आसपास मौजूद तीन-चार लोगों ने पुलिस जवानों पर हमला कर दिया और उनके हथियार छीनने का प्रयास किया. घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबाव बढ़ाया था. इसी क्रम में नामजद आरोपी मो इमरान ने शनिवार को अदालत में सरेंडर कर दिया. पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
