रांची: PM के रोजगार मेले में 143 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, CCL सभागार में मंत्री संजय सेठ ने बांटे नियुक्ति पत्र

भारत सरकार के 30वें रोजगार मेले के तहत रांची में 143 युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए. केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने ये पत्र बांटे. देश भर में 51 हजार से अधिक युवाओं को यह अवसर मिला.

रांची. भारत सरकार के 30वें रोजगार मेले के तहत देशभर में 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी के नियुक्ति पत्र दिए गए. देश के 45 शहरों में आयोजित रोजगार मेले के तहत रांची के सीसीएल सभागार में भी कार्यक्रम हुआ. यहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने 143 नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए. कार्यक्रम का आयोजन सेंट्रल जीएसटी एवं सेंट्रल एक्साइज की ओर से किया गया.

राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हो रहे युवा

मौके पर संजय सेठ ने कहा कि युवा राष्ट्र सेवा के लिए तैयार हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि देश आर्थिक प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है और युवाओं में समय प्रबंधन, अनुशासन तथा काम के प्रति समर्पण जरूरी है. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने वाले युवाओं को अपनी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए.

देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप

संजय सेठ ने कहा कि देश में दो लाख से अधिक स्टार्टअप और 8.5 करोड़ से अधिक लघु एवं मध्यम उद्योग हैं. उन्होंने कहा कि इनमें 2.17 करोड़ उद्यमों का संचालन महिलाएं कर रही हैं. उन्होंने युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि देश के करीब 67 करोड़ युवा विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में योगदान दे रहे हैं.

पब्लिक सर्वेंट की भूमिका महत्वपूर्ण

सेंट्रल जीएसटी के प्रधान आयुक्त योगेश कुमार अग्रवाल ने कहा कि देशभर में 51 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा में आने के साथ युवाओं की भूमिका और जिम्मेदारी बदल जाती है. उन्हें निर्णय लेने की जिम्मेदारी निभानी होगी और आम लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना होगा. उन्होंने कहा कि डिजिटल दौर में प्रशासनिक दक्षता बढ़ाना जरूरी है. सरकारी कर्मचारियों को तकनीक के साथ काम करने और बेहतर तरीके से जनसेवा करने पर ध्यान देना चाहिए.

ये भी पढ़ें: लोहरदगा की बेटी नीता लकड़ा India International Water Week में करेंगी झारखंड का प्रतिनिधित्व

रेलवे में सबसे ज्यादा नियुक्तियां

रांची में कुल 143 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया. इनमें सबसे अधिक 75 युवाओं को रेलवे में नियुक्ति मिली. रक्षा मंत्रालय में 22, डाक सेवा में 22, सीआईएसएफ में नौ और सीबीआई में आठ युवाओं की नियुक्ति हुई. नियुक्ति पाने वालों में 20 महिलाएं भी शामिल हैं. कार्यक्रम में सेंट्रल जीएसटी की एडीजी दीप्ति जयराज समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें: CCL कर्मियों के लिए प्रमोशन का सुनहरा मौका : लेखा लिपिक ग्रेड-II के 35 पदों पर भर्ती, 9 अक्टूबर तक करें आवेदन

प्रधानमंत्री ने ऑनलाइन किया संबोधित

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और युवाओं को संबोधित किया. करीब 25 मिनट के संबोधन में उन्होंने युवाओं को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का बोध कराया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Manoj Kumar Singh

मनोज सिंह प्रभात खबर में बतौर मुख्य संवाददाता कार्यरत है. पत्रकारिता में उनका 26 साल का अनुभव है. दैनिक हिन्दुस्तान में करीब आठ साल काम करने के बाद वह प्रभात खबर से जुड़े हैं. कृषि, पशुपालन, सहकारिता, वन, जलवायु परिवर्तन, आजीविका, मनोरोग, कोयला संबंधी खबरों में वर्षों काम करने का अनुभव है.

आइआइटी कानपुर से जस्ट ट्रांजिशन विषय पर फेलोशिप प्राप्त करने वाले देश के पहले संवाददाता है. उनको दो बार एग्रई जर्निलिज्म अवार्ड मिल चुका है. झारखंड सरकार के वन विभाग से तिलका मांझी अवार्ड मिला है. कई मचों पर वह प्रभात खबर का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं. कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला में हिस्सा ले चुके हैं.


📩 संपर्क. manoj.singh@prabhatkhabar.in

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >