रांची : राजधानी में हत्या, लूट और डकैती और गैंग रेप के केस में आरोपियों को पकड़ने में पुलिस फेल होती जा रही है. हत्या और फायरिंग के सबसे अधिक केस हटिया डीएसपी के क्षेत्र में लंबित है. वह भी विशेष रूप से डोरंडा और जगन्नाथपुर थाना में. केस दर्ज हुए कई माह भी बीत चुके हैं.
इसके बाद भी हत्या के अधिकांश केस में पुलिस आरोपियों के बारे में जानकारी तक एकत्र नहीं कर पायी है. यही हाल राजधानी के दूसरे थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में भी है. पुलिस नाबालिग के साथ गैंग रेप, लूट और डकैती जैसी जघन्य अपराध में भी शामिल अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पा रही है. चुनाव के दौरान पुलिस चुनाव ड्यूटी में व्यस्त रही. लेकिन अब तो चुनाव भी समाप्त हो चुके हैं.
पुलिस के पास घटनाओं के उद्भेदन के अलावा कोई दूसरा महत्वपूर्ण काम वर्तमान में नहीं है. इसके बावजूद पुलिस अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर पा रही है. जिसके कारण अब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे है. इस बात को लेकर कि क्या पुलिस का इंटेलिजेंस फेल हो चुका है, जिसके कारण पुलिस को अपराधियों के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है.
इन घटनाओं का खुलासा करने में फेल हो रही है पुलिस
01 जून 2019: अरगोड़ा थाना क्षेत्र के हरमू मुक्तिधाम के समीप बाइक सवार अपराधियों ने महिला का पर्स सहित मोबाइल और रुपये लूट लिया. घटना के दौरान पर्स को बचाने में महिला गिर कर घायल हो गयी.
27 मई 2019: खेलगांव थाना क्षेत्र के लालगंज के समीप स्थित सुगना फूड कंपनी के कार्यालय में हथियार के बल पर 12.50 लाख की लूट. विरोध करने पर कंपनी के शाखा प्रभारी सुबोध पर पिस्टल से हमला कर घायल किया.
24 मई 2019: लालपुर थाना क्षेत्र के पारिजात होटल के समीप सब्जी कारोबार से जुड़े दो एजेंट से हथियार के बल पर 8.07 लाख की लूट. घटना में शामिल अपराधियों के बारे में सुराग भी मिला, लेकिन पुलिस उन्हें गिरफ्तार नहीं कर पायी.
05 मई 2019: डोरंडा थाना क्षेत्र के एजी कॉलोनी में किराये के मकान में रहनेवाले सिपाही परमानंद प्रधान 35 वर्षीय की गला दबाकर हत्या. शव संदेहास्पद स्थिति में उसके घर के बाहर के बाउंड्री वाल के समीप मिला.
01 मई 2019: धुर्वा थाना क्षेत्र के शालीमार बाजार के पास नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म, घटना को अंजाम तीन युवकों ने दिया. लेकिन पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर पायी.
24 अप्रैल 2019: जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया स्टेशन रोड में बाइक सवार तीन अपराधियों ने जमीन कारोबारी संतोष कुमार सिंह नामक व्यक्ति को गोली मार दी. घटना के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आयी.
09 फरवरी 2019: चुटिया थाना क्षेत्र के अनंतपुरी निवासी रिटायर्ड आइएफएस डॉ दीपक घोष और उनकी पत्नी नंदिता घोष को अपराधियों ने हथियार के बल पर बंधक बना कर जेवरात और नकद सहित करीब 10 लाख की डकैती की.
आठ जनवरी 2019: डोरंडा थाना क्षेत्र के घाघरा में अपराधियों ने सामू उरांव की गोली मारकर हत्या की, जबकि शंकर सुरेश उरांव गोली लगने से हुआ घायल. पुलिस को अपराधियों का सुराग भी मिला, लेकिन पुलिस खुलासा नहीं कर पायी.
09 दिसंबर 2018: डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा में पूर्व पत्रकार अमित टोप्पो की गोली मार कर हत्या. लेकिन पुलिस हत्यारों को गिरफ्तार नहीं कर पायी.
28 दिसंबर 2018: डोरंडा थाना क्षेत्र के बड़ा घाघरा में अपराधियों ने जमीन कारोबारी अरुण किस्पोट्टा की गोली मार कर हत्या कर दी. वह बड़ा घाघरा के उपर टोला में किराये के मकान में रहता था.
