रामगढ़: जिले में लगातार हो रही बारिश और नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज ने आमजनों से विशेष सावधानी और सतर्कता बरतने की अपील की है. उन्होंने कहा कि नदी, तालाब, डैम, जलाशय और अन्य जल स्रोतों में बढ़े जलस्तर के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. ऐसे में लोग अनावश्यक रूप से जल स्रोतों के समीप जाने या पानी में प्रवेश करने से पूरी तरह बचें.
सीओ और थाना प्रभारियों को विशेष निगरानी का निर्देश
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नदियों और अन्य जल स्रोतों के आसपास विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया है. साथ ही जोखिम वाले स्थानों पर लोगों के जाने पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है.
माइकिंग के जरिए लोगों को किया जायेगा जागरूक
उपायुक्त ने नदी और जल स्रोतों के आसपास माइकिंग के माध्यम से लगातार लोगों को जागरूक और सतर्क करने का निर्देश दिया है. संबंधित क्षेत्र के मुखियाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीणों को बढ़े जलस्तर के खतरे और बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देने को भी कहा गया है.
ये भी पढ़ें- जमीन के बदले नौकरी नहीं मिलने पर रैयतों ने कोलियरी बंद कराने की दी चेतावनी
बच्चों और युवाओं पर विशेष नजर रखने की अपील
उपायुक्त ने अभिभावकों से बच्चों और युवाओं को विशेष रूप से नदियों, डैम, तालाब और अन्य जल स्रोतों के समीप जाने से रोकने की अपील की है. उन्होंने कहा कि सेल्फी लेने, मछली पकड़ने, नहाने अथवा किसी अन्य कार्य के लिए तेज बहाव वाले पानी में प्रवेश न करें और किसी भी तरह का जोखिम लेने से बचें.
आपदा की स्थिति में तुरंत दें सूचना
उपायुक्त ने कहा कि आपदा की स्थिति में सावधानी और समय पर सूचना ही सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय है. किसी भी प्रकार की आपात स्थिति या खतरे की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन और संबंधित थाना को सूचित करें.
सामूहिक जागरूकता की अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सुरक्षित रहें और अपने परिवार, पड़ोस तथा समुदाय के लोगों को भी नदियों और अन्य जल स्रोतों के बढ़े जलस्तर के प्रति जागरूक करें. प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन कर संभावित दुर्घटनाओं से बचाव सुनिश्चित करें.
