उरीमारी. बड़कागांव-उरीमारी थाना क्षेत्र में टीपीसी संगठन से जुड़े मामले में फरार चल रहे दो अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से निर्गत इश्तेहार का पुलिस ने विधिवत तामीला किया. अभियुक्तों की पहचान दिनेश राम उर्फ दिनेश जी उर्फ रवि राम, निवासी नारायण धौड़ा, थाना खलारी, जिला रांची और मनोज मुंडा, पिता स्व अर्जुन मुंडा, निवासी नगाडूवा टोला, होशिर, थाना पिपरवार, जिला चतरा के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, उक्त मामला टीपीसी संगठन से संबंधित है. मामले में पुलिस ने दो इंसास राइफल और करीब 300 गोलियां बरामद की थीं. पुलिस के मुताबिक, इस कांड में आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि उक्त दोनों अभियुक्त अब भी फरार हैं.
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों के उरीमारी क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में होने की जानकारी मिली थी. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है.
इश्तेहार तामीला की कार्रवाई में एसआई रथु उरांव, एसआई सीताराम सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
