पतरातू (रामगढ़). पूर्व-मध्य रेलवे के महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने शनिवार को पतरातू रेलवे स्टेशन का दौरा किया. उनके साथ धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अखिलेश मिश्रा सहित जोनल एवं मंडल स्तर के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे. महाप्रबंधक के दौरे को लेकर पतरातू स्टेशन परिसर एवं डीजल शेड में निरीक्षण की तैयारी की गयी थी. हालांकि, अंतिम समय में कार्यक्रम में बदलाव होने के कारण महाप्रबंधक ने डीजल शेड का निरीक्षण नहीं किया और स्टेशन परिसर में अधिकारियों के साथ आवश्यक चर्चा की. इस दौरान उन्होंने रेलवे संचालन एवं क्षेत्र की व्यवस्थाओं से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया. वहीं, ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के महामंत्री मृत्युंजय कुमार ने महाप्रबंधक से मुलाकात कर पतरातू क्षेत्र की समस्याओं से संबंधित सात सूत्री तथा जोनल स्तर की 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा. यूनियन ने कर्मचारियों की सुविधाओं में सुधार के साथ क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं के समाधान की मांग की.
जर्जर सड़क और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग
यूनियन ने पतरातू गांधी चौक से डीजल शेड तक जर्जर सड़क का निर्माण कराने की मांग की. यूनियन के अनुसार, सड़क की खराब स्थिति से रेलवे कर्मचारियों एवं आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है. इसके अलावा रेलवे कॉलोनी में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गयी.
क्वार्टरों की मरम्मत के लिए बढ़े बजट
मांग-पत्र में रेलवे कॉलोनी स्थित क्वार्टरों की मरम्मत एवं रखरखाव के लिए बजट बढ़ाने का आग्रह किया गया. यूनियन ने कहा कि कई आवासों में मरम्मत की आवश्यकता है. कर्मचारियों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने के लिए समय पर मरम्मत जरूरी है.
अस्पताल में महिला चिकित्सक व डिजिटल एक्स-रे मशीन की मांग
पतरातू रेलवे अस्पताल में महिला चिकित्सक की पदस्थापना तथा डिजिटल एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गयी. साथ ही पतरातू क्रू लॉबी के आधुनिकीकरण का आग्रह किया गया. यूनियन ने कहा कि इन सुविधाओं के विस्तार से कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी तथा कार्य व्यवस्था में सुधार होगा.महाप्रबंधक के दौरे के दौरान वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार सिंह, बरकाकाना के सहायक मंडल अभियंता राजेश कुमार, स्टेशन प्रबंधक कृष्णा राम, स्थायी मार्ग निरीक्षक सतीश तिवारी, निरीक्षक विनय कुमार, विद्युत फोरमैन गौरी शंकर सोए, यातायात निरीक्षक एसएम ऑन, सुमित कुमार सहित कई रेलवे अधिकारी उपस्थित थे. यूनियन की ओर से शंभु कुमार, सचिव संजीव कुमार, शिव कुमार गिरी, अमित रजक, रंजन कुमार, रणधीर वर्मा, सौरव झा सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे. वहीं महाप्रबंधक के पतरातू दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक एके सिंह संभाल रहे थे. महाप्रबंधक का स्वागत वरीय मंडल यांत्रिक अभियंता अनिल कुमार सिंह ने किया.
